गुमला के जोलो नदी में नहाने के दौरान डूबने से एक छात्र की मौत, दोस्तों संग गया था घूमने…
गुमला।झारखण्ड के गुमला जिले के बसिया-गुमला प्रखंड के बॉर्डर क्षेत्र स्थित जोलो नदी में रविवार को पिकनिक मनाने गए एक नाबालिग छात्र की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान नगर ढोररी टोली, सदर थाना क्षेत्र निवासी 14 वर्षीय अभिषेक कुजूर के रूप में हुई है। वह राजेश उरांव का पुत्र था।परिजनों ने बताया कि अभिषेक अपने करीब 40 दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने जोलो नदी गया था।सभी पहले नदी किनारे फुटबॉल खेल रहे थे। खेल खत्म होने के बाद जब सभी नदी में नहा रहे थे, तभी अभिषेक अचानक तेज बहाव में फंस गया और देखते ही देखते पानी में समा गया।
घटना की खबर मिलते ही स्थानीय लोग, प्रशासन और परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। नदी के तेज बहाव और गहराई के कारण अभिषेक की खोज में काफी कठिनाई हुई। ग्रामीणों की मदद से घंटों की खोजबीन के बाद अंततः उसका शव नदी से बरामद किया जा सका। शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजनों ने बताया कि अभिषेक बेहद मिलनसार और पढ़ाई में अच्छा था। दोस्तों के आग्रह पर ही वह पिकनिक में शामिल हुआ था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला दुर्घटनावश डूबने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि परिजनों के बयान के आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
इधर अभिषेक की अचानक हुई मौत से नगर ढोररी टोली समेत पूरे इलाके में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए नदी-घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि पिकनिक सीजन में कई परिवार और युवक नदी किनारे जाते हैं, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं होने से हादसे बढ़ते जा रहे हैं।

