सिमडेगा के बानो में राऊरकेला-राँची मालगाड़ी डिरेल…10 डिब्बे पटरी से उतरे, रेलवे लाइन हुई बाधित
सिमडेगा।झारखण्ड के सिमडेगा जिले के बानो प्रखंड के कनारावां रेलवे उत्तरी केबिन के पास बुधवार लगभग 10 बजकर 13 मिनट पर राउरकेला से राँची जा रही मालगाड़ी के करीब 10 डिब्बे पटरी से उतर गए।हादसे में तीन से चार बोगियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि राहत की बात यह है कि किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है। मिली जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी कच्चा लोहा लादकर राउरकेला से राँची की ओर जा रही थी।कनारावां स्टेशन पार करने के बाद यह हादसा उत्तरी केबिन के पास पोल संख्या 524/30, 31, 32 और 33 के बीच हुआ। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दो बिजली के पोल टूट गए और ओवरहेड तार क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे अप एवं डाउन दोनों रेल लाइनें बाधित हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही रेल सुरक्षा बल, बानो थाना पुलिस और रेलवे के तकनीकी कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। इधर, राँची रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।
दुर्घटना के चलते पुरी–हटिया तपस्विनी एक्सप्रेस को टाटी रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया है। वहीं, हटिया–राउरकेला रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह से ठप हो गया है।रेलकर्मी राहत एवं मरम्मत कार्य में जुटे हुए हैं।दुर्घटना के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। रेलवे सूत्रों के अनुसार, पटरियों की जांच की जा रही है और जल्द ही यातायात बहाल करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

