Ranchi:सीमेंट-छड़ कारोबारी पर हुई गोलीबारी मामले में चार को पुलिस ने लिया हिरासत में…अपराधी पुलिस की पकड़ से दूर…
राँची।राँची पुलिस ने कटहल मोड़ स्थित सीमेंट-छड़ कारोबारी राधेश्याम साहु को गोली मारकर घायल किए जाने के मामले में जांच में जुट गई है। इस मामले में पुलिस ने चार जमीन कारोबारी व बिल्डर को हिरासत में लिया है। पकड़े गए लोगों में दो पुंदाग के बिल्डर-जमीन कारोबारी शामिल हैं। पुलिस की टीम हिरासत में लिए गए चारों से लगातार पूछताछ कर रही है। हालांकि अब तक पुलिस को कोई खास जानकारी नहीं मिली है। वहीं पुलिस की एक टीम आसपास के जिलों में शूटरों की तलाश के लिए गई है। गौरतलब हो कि राधेश्याम साहु बुधवार को अपने कटहल मोड़ स्थित प्रतिष्ठान के पास खड़े थे। इसी दौरान बाइक सवार अपराधी पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
घायल राधेश्याम साहु के बेटे ने मामला दर्ज कराया है।बेटे ने पुलिस को बताया कि पिता को सात गोली लगी। गोलीबारी की घटना में उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
पुरुषोत्तम समेत दो पर पुत्र ने दर्ज कराया केस
कटहल मोड़ निवासी सज्जन कुमार ने नगड़ी थाना में जमीन कारोबारी सह बिल्डर पुरुषोत्तम कुमार, शशि शेखर समेत अज्ञात के विरूद्ध नगड़ी थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है। सज्जन की ओर से पुलिस को दिए बयान में कहा गया है कि उनके पिता राधेश्याम साहु का जमीन को लेकर पुरुषोत्तम व शशि के साथ विवाद चल रहा था। पुरुषोत्तम के साथ ढाई एकड़ जमीन को लेकर विवाद है। यह मामला न्यायालय में लंबित है। वहीं दो माह पूर्व पटना निवासी शशि शेखर दो माह पहले उनके पिता को फोन पर धमकी भी दी थी। कहा था कि मामले को किलयर नहीं किया तो जान से मार देंगे। सज्जान ने पुलिस को बताया कि जिस वक्त अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया था, उस वक्त उनके स्टॉफ संजय सिन्हा, नागेन्द्र दुबे और सोमरा उरांव मौके पर मौजूद थे। इधर, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

