अनियंत्रित होकर स्कॉर्पियो नदी में गिरी, एक की मौत..

 

गुमला।झारखण्ड के गुमला जिले में गुमला-छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह करीब 7 बजे एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सीलम नदी में गिर गई। इस दुर्घटना में लोहरदगा थाना क्षेत्र के तिगरा गांव निवासी 30 वर्षीय जुनैद अंसारी की डूबने से मौत हो गई।स्कॉर्पियो में जुनैद अंसारी के साथ चालक अब्दुल रशीद और शमशाद आलम भी सवार थे। ये दोनों किसी तरह वाहन से बाहर निकलने में सफल रहे।अब्दुल रशीद ने बताया कि सीलम नदी के पास सामने से आ रहे एक ट्रक को देखकर स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई और पुल से नीचे नदी में जा गिरी।अब्दुल रशीद के अनुसार, मंगलवार रात तीनों जशपुर जिले के टीन टांगर गांव गए थे। बुधवार सुबह वे स्कॉर्पियो से अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।दुर्घटना के बाद, अब्दुल रशीद ड्राइविंग सीट की खुली खिड़की से बाहर निकले और उन्होंने शमशाद को हाथ से खींचकर बचाया। उन्होंने जुनैद को बचाने के लिए स्कॉर्पियो के अंदर तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। आशंका है कि जुनैद गाड़ी के पिछले हिस्से में चला गया था।घटना की सूचना मिलने पर रायडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने देखा कि जुनैद अंसारी का शव पानी में तैर रहा था। शव को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जुनैद विवाहित था और उसके तीन बच्चे हैं। घटना की सूचना पर परिजन भी सदर अस्पताल पहुंचे।इधर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराके परिजनों को सौंप दिया।

error: Content is protected !!