50 लाख रुपए के गबन मामले में उप-डाकपाल गिरफ्तार,जनता की गाढ़ी कमाई से खेल रहे थे जुआ..
चाईबासा।झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में एक पोस्ट ऑफिस में तैनात उप-डाकपाल ने जनता की गाढ़ी कमाई को अपना माल समझ लिया।उसने पोस्ट ऑफिस की विभिन्न जमा योजनाओं में जमा जनता के पैसों से ऑनलाइन जुआ और कसीनो ऐप में पैसे लगाने लगा। धीरे-धीरे उसने डाकघर से 50 लाख रुपए की फर्जी तरीके से निकासी कर ली। डाक निरीक्षक की शिकायत पर पुलिस की जांच में इस फर्जीवाड़ा का पर्दाफाश हुआ, तो उप-डाकपाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसने अपना जुर्म भी कुबूल कर लिया है।
गुवा रेलवे मार्केट स्थित डाकघर में पदस्थापित तत्कालीन उप-डाकपाल विकास चंद्र कुईला (46) ने स्वीकार किया है कि उसने गलत तरीके से जनता के पैसे की डाकघर से निकासी की। डाकघर की विभिन्न बचत योजनाओं के खाताधारकों की राशि का दुरुपयोग किया और सारा पैसा जुआ में हार गया। मामला 1 फरवरी 2023 से 19 जून 2025 के बीच का है।
इस अवधि में आरोपी ने 50,56,473 रुपए (पचास लाख छप्पन हजार चार सौ तिहत्तर रुपए) की निकासी कर ली। इस संबंध में डाक निरीक्षक सुमन कुमार सामंत ने शिकायत दर्ज करायी। इसी शिकायत के आधार पर गुवा थाना में कांड संख्या 34/2025 दर्ज किया गया।
जांच के क्रम में खुलासा हुआ कि आरोपी विकास कुईला ने फर्जी तरीके से पैसे की निकासी की। उस पैसे से ऑनलाइन जुआ के ऐप डेल्टा एक्सचेंज और धूम-999 कसीनो में लाखों रुपए गंवाये। इसके अलावा, स्थानीय जुआ जैसे मुर्गा पाड़ा और हब्बा-डब्बा में भी भारी रकम हार बैठा।
आरोपी के भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और डाकघर खातों की जांच में भारी धन के लेन-देन का प्रमाण मिला।पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय केरकेट्टा (किरीबुरू) के नेतृत्व में एक टीम गठित कर टुंगरी स्थित आवास पर छापेमारी की गयी, जहां से आरोपी को उसकी पत्नी और दो स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में गिरफ्तार किया गया।पुलिस ने आरोपी के पास से ओप्पो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है।पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया है।

