सूर्या हांसदा एनकाउंटर मामले की जांच करने गोड्डा पहुंची राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की टीम…

 

गोड्डा।झारखण्ड के गोड्डा जिले में सूर्य नारायण हांसदा एनकाउंटर मामले में की जांच करने राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य आशा लकड़ा के नेतृत्व में सात सदस्यीय टीम रविवार को गोड्डा पहुंची।इस दौरान आयोग की टीम ने ललमटिया के डकैता गांव पहुंचकर सूर्य नारायण हांसदा के परिजनों से भी मुलाकात की और जरूरी जानकारी ली।

इससे पूर्व आयोग की टीम ने सूर्य नारायण हांसदा के एनकाउंटर स्थल बोआरीजोर थाना क्षेत्र के धमनी रहरबड़िया पहाड़ पहुंचकर जांच की।साथ ही पुलिस अधिकारियों से भी पूछताछ की। इस दौरान गोड्डा के पुलिस उपाधीक्षक जेपीएन चौधरी, महागामा अनुमंडल पदाधिकारी आलोक वरण केसरी, बोआरीजोर पुलिस निरीक्षक वीरेंद्र पासवान मौजूद रहे।

वहीं जांच और सूर्य नारायण हांसदा के परिजनों से मुलाकात के बाद राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य आशा लकड़ा ने मीडिया से भी बातचीत की।इस क्रम में उन्होंने कहा कि अभी हम एक-एक जानकारी इकट्ठा कर रहे हैं। सूर्य नारायण हांसदा के परिवार से मिले और उनकी पत्नी, भाई, बच्चों और मां से जानकारी ली है।

उन्होंने कहा कि सूर्य नारायण हांसदा एनकाउंटर मामले में प्रशासन के साथ बैठक भी करेंगे। घटनास्थल के निरीक्षण को लेकर उन्होंने कहा की आयोग अभी कुछ जानकारी देने की स्थिति में नहीं है। हमारी जो संवैधानिक ताकत है उसका सही उपयोग किया जाएगा।साथ ही उन्होंने कहा कि मामले में विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। जांच के बाद मामले की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

गौरतलब हो कि 11अगस्त 2025 को पुलिस एनकाउंटर में सूर्य नारायण हांसदा की मौत हो गई थी।इसके बाद से इस घटना का लगातार भाजपा, जेएलकेएम सहित अन्य संगठनों के द्वारा विरोध किया जा रहा है।वहीं सूर्या हांसदा एनकाउंटर का मामला राज्य सभा में भी भाजपा सांसद द्वारा उठाया गया था।भाजपा के राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश से NSTC को आवेदन देकर मामले की जांच का आग्रह किया था।

error: Content is protected !!