झारखण्ड पुलिस मुख्यालय में डीजीपी अनुराग गुप्ता ने किया ध्वजारोहण, कहा- हर मोर्चे पर बेहतर काम कर रही है पुलिस…
राँची।स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झारखण्ड पुलिस मुख्यालय में डीजीपी अनुराग गुप्ता ने झंडोत्तोलन किया। 79वें स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराने के बाद डीजीपी ने कहा कि झारखण्ड पुलिस हर मोर्चे पर बेहतर करने का कार्य कर रही है।
झारखण्ड पुलिस मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारत की आन बान और शान तिरंगा को सलामी दी गई।इस मौके पर डीजीपी अनुराग गुप्ता ने झंडोत्तोलन किया। इस दौरान पुलिस मुख्यालय में भव्य परेड का आयोजन भी किया गया। डीजीपी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झारखण्ड पुलिस के द्वारा हासिल की गई उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
डीजीपी ने सम्बोधित करते हुए कहा 15 अगस्त 2025 को 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उपस्थित पुलिसकर्मियों एवं मेरे अन्य सहकर्मी प्रेस मीडिया के बन्धुओं को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हार्दिक शुभकामनायें और बधाई देता हूं। 15 अगस्त के दिन में हमारे देश के उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करता हूं, जिनकी कुर्बानियों से हमें यह आजादी मिली है।डीजीपी ने बताया कि झारखण्ड पुलिस ने अनेकों चुनौतियों का सामना करते हुए इस साल जनवरी से जून तक (अर्धवार्षिक) राज्य में कुल 197 नक्सलियों को गिरफ्तार किया है।जबकि 10 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है और 17 नक्सली पुलिस मुठभेड़ में मारे गए हैं।इस साल झारखण्ड में नक्सल उन्मूलन अभियान में कुल 4 पुलिस पदा०/कर्मी अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए शहीद हुए हैं, जिसमें CRPF के (1) अ०नि० सुनिल कुमार मंडल (2) स०अ०नि० सत्यवान कुमार सिंह (3) आरक्षी परनेश्वर कोच एवं (4) झारखण्ड जगुआर के आ0-361 सुनील धान शामिल है।
डीजीपी ने कहा कि झारखण्ड में संगठित आपराधिक गिरोह के कुल 12 अपराधियों एवं प्रतिबंधित आतंकी संगठन HuT (hizb ut-tahrir) के 5 सक्रिय क्रियावादियों को ATS द्वारा गिरफ्तार किया गया है। 2025 में जनवरी से जून तक (अर्धवार्षिक) अवैध मादक पदार्थ के प्रयोग/व्यापार में संलिप्त कुल 484 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया तथा विभिन्न प्रकार के अवैध मादक पदार्थों को भी जब्त किया गया है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 34.09 करोड़ रूपये है. इसके साथ ही साथ साल 2024-25 में लगभग 27 हजार एकड़ जमीन में लगी अफीम की फसल को नष्ट किया गया।
साइबर अपराध पर लगाम
2025 के जनवरी से जून तक साइबर अपराध में संलिप्त कुल 700 से अधिक अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया तथा 50 लाख से अधिक नगदी के साथ कई अवैध वस्तुएं जब्त किया गया।इसके अतिरिक्त प्रतिबिंब ऐप का सार्थक प्रयोग करते हुए कुल 474 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही साइबर हेल्पलाइन नंबर डायल 1930 के माध्यम से साइबर अपराध से संबंधित लगभग 16 करोड़ रूपये फीज तथा न्यायालय के आदेशानुसार पीड़ितों के खाता में लगभग 80 लाख रूपये वापस कराये गये हैं।
जन शिकायत समाधान कार्यक्रम
आम जनता से बेहतर समन्वय स्थापित करने एवं उनके समस्याओं के निराकरण के लिए मुख्यमंत्री, झारखण्ड सरकार के निर्देशानुसार पुलिस मुख्यालय स्तर से एवं राज्य के सभी जिलों में जनवरी से अप्रैल तक ‘जन शिकायत समाधान कार्यक्रम आयोजित किये गये. इस क्रम में कुल 4000 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुई, जिसमें करीब 3500 शिकायतों का त्वरित समाधान किया गया है। ‘जन शिकायत समाधान कार्यक्रम’ के तहत कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
पुलिस मुख्यालय स्तरीय झारखण्ड पुलिस सहाय्य एवं कल्याण कोष से कुल 622 लाभान्वितों को 15 करोड़ रूपये से अधिक का भुगतान किया गया।इसके साथ ही कुल 108 आश्रितों को अनुकम्पा के आधार पर नियुक्ति दी गई। कुल 64 पुलिस निरीक्षक को पुलिस उपाधीक्षक की कोटी में, 9 सहायक अवर निरीक्षक को पुलिस अवर निरीक्षक कोटी में, झासपु संवर्ग के 91 अवर निरीक्षक (स) को निरीक्षक (स) की कोटी में, 11 निरीक्षक (स) को प्रमुख निरीक्षक (स) में, 257 हवलदारों को अ.नि (स) की कोटी में तथा 52 आशु स.५०नि. को आशु अ.नि की कोटी में प्रोन्नती प्रदान की गई है। इसके अलावा 2101 पुलिसकर्मियों एवं पदाधिकारियों को एसीपी/एमएसीपी का लाभ प्रदान किया गया।इसके साथ ही 23 सेवानिवृत्त प्रा.अ.नि. एवं 1 सेवानिवृत प्रा.नि. को एमएसीपी का लाभ प्रदान किया गया।
महिला सुरक्षा:
झारखण्ड में महिला सुरक्षा के लिए सभी जिलों में महिला हेल्प डेस्क की सुविधा रखी गई है। इसके साथ ही महिला हेल्प लाइन नम्बर/पुलिस कंट्रोल रूम नंबर को सार्वजनिक स्थलों पर उपलब्ध कराया गया है, ताकि पुलिस अल्प सूचना पर ही महिलाओं को त्वरित सहायता उपलब्ध करा सके। इसके साथ ही सभी जिलों में महिला थाना भी संचालित है एवं महिला सुरक्षा के लिए ‘महिला शक्ति कमांडो’ का गठन किया गया है।

