10 लाख के इनामी जोनल कमांडर सिंगराई,सबजोनल कमांडर दिरशुम,एरिया कमांडर सूर्या समेत 4 नक्सली मुठभेड़ में ढेर, 2 गिरफ्तार

 

चाईबासा। झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में सुरक्षा बलों ने 10 लाख रुपए के इनामी जोनल कमांडर समेत 4 नक्सलियों को मार गिराया है।एक सबजोनल कमांडर और एक एरिया कमांडर के साथ-साथ एक महिला नक्सली को भी मार गिराया।एक महिला नक्सली समेत 2 नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। पश्चिमी सिंहभूम के गुवा थाना क्षेत्र के लिपुंगा में नक्सलियों के साथ सुरक्षा बलों की भीषण मुठभेड़ हुई।

मारे गए नक्सलियों में 3 पर सरकार ने घोषित किए थे इनाम

मारे गए नक्सलियों की पहचान जोनल कमांडर सिंगराई उर्फ मनोज, सबजोनल कमांडर कांडे होनहागा उर्फ दिरशुम, एरिया कमांडर सूर्या उर्फ मुंडा देवगम और महिला नक्सली कैडर जुनगा पुर्ति उर्फ मारला के रूप में हुई है। मारला को छोड़कर सभी मारे गए नक्सलियों पर पुलिस ने इनाम की घोषणा कर रखी है।सिंगराई उर्फ मनोज पर 10 लाख रुपए का इनाम घोषित है जबकि कांडे और सूर्या पर क्रमश: 5 लाख और 2 लाख रुपए के इनामी नक्सली थे।

 

पश्चिमी सिंहभूम के एसपी आशुतोष शेखर ने मुठभेड़ और नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि की है।उन्होंने कहा है कि जिले के गुवा थाना क्षेत्र स्थित जंगल में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच सोमवार की सुबह-सुबह मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में नक्सलियों को भारी नुकसान हुआ है।उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में 4 नक्सलियों को मार गिराया है।

एसपी ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से नक्सलियों के शवों के पास से हथियार और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की गई है। जानकारी के मुताबिक, इलाके में सुरक्षा बल सर्च ऑपरेशन चला रहे थे।इसी दौरान घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षा बलों ने भी तत्काल मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग शुरू कर दी।जवानों की जवाबी कार्रवाई में 4 नक्सली ढेर हो गए।

एसपी ने बताया कि मुठभेड़ के बाद से पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि कुछ नक्सलियों को गोली लगने की भी सूचना है। उन्होंने कहा कि मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों में एक जोनल कमांडर, एक सबजोनल कमांडर, एक एरिया कमांडर और एक महिला नक्सली शामिल है। 2 नक्सलियों के घायल होने की भी खबर है।घायल नक्सलियों में एक एरिया कमांडर और एक हार्डकोर महिला नक्सली शामिल है।

गिरफ्तार किए गए दो नक्सलियों की पहचान टाइगर उर्फ पांडू हांसदा और बातरी देवगम के रूप में हुई है। पांडू हांसदा 2 लाख रुपए का इनामी एरिया कमांडर है।वहीं बातरी देवी महिला नक्सली है।बता दें कि मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों को नक्सलियों के पास से कई बंदूकें और भारी संख्या में कारतूस भी मिला।

 

चाईबासा के गुवा में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़, एक महिला समेत चार नक्सली मारे गए…दो गिरफ्तार…