राँची में JRSU का दीक्षांत समारोह, 207 विद्यार्थियों को मिली डिग्री; पांच टॉपरों को गोल्ड मेडल..
राँची। वर्षों की मेहनत, पढ़ाई और प्रशिक्षण के बाद सोमवार को झारखण्ड रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय (JRSU) के विद्यार्थियों के लिए यादगार दिन रहा। राँची यूनिवर्सिटी के आर्यभट्ट सभागार में विश्वविद्यालय का दूसरा दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया, जहां कुल 207 सफल विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की गई। इनमें पांच अलग-अलग पाठ्यक्रमों के टॉपरों को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया।
समारोह में राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस दौरान केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और स्टेट फॉरेंसिक साइंस लैब, उत्तर प्रदेश के निदेशक डॉ. जीके गोस्वामी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव सह एक्टिंग कुलपति राहुल पुरवार, विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. हेमेंद्र कुमार भगत समेत विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और उनके अभिभावक उपस्थित रहे।
पांच टॉपरों को गोल्ड मेडल
दीक्षांत समारोह में पांच विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए गोल्ड मेडल प्रदान किया गया। इनमें दो स्नातकोत्तर और तीन स्नातक कार्यक्रमों के टॉपर शामिल रहे। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने पांचों गोल्ड मेडलिस्ट समेत कुल 15 विद्यार्थियों को स्वयं उपाधि प्रदान की।समारोह के दौरान गोल्ड मेडल हासिल करने वाले विद्यार्थियों और उनके परिवारों में खासा उत्साह देखने को मिला। शिक्षकों और अभिभावकों ने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर खुशी जताई।
‘डिग्री ही नहीं, सुरक्षा और फॉरेंसिक के लिए तैयार करना लक्ष्य’
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की वर्षों की मेहनत और उनके शैक्षणिक सफर की उपलब्धि का महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को डिग्री देना नहीं, बल्कि उन्हें रक्षा, सुरक्षा और फॉरेंसिक साइंस जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना भी है।उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि विश्वविद्यालय से निकलने के बाद वे जिस भी क्षेत्र में जाएं, अपने ज्ञान, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ समाज और देश की सेवा करें।
संजय सेठ ने भी दिया जिम्मेदारी का संदेश
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ समेत अन्य अतिथियों ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान और कौशल का इस्तेमाल देश की सुरक्षा और समाज के हित में करने की अपील की।
रजिस्ट्रार बोले- दीक्षांत अंत नहीं, नई जिम्मेदारियों की शुरुआत
विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. हेमेंद्र कुमार भगत ने कहा कि झारखण्ड रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय सुरक्षा और फॉरेंसिक शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों को बेहतर अवसर और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देने की दिशा में लगातार काम कर रहा है।उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल डिग्री हासिल करने का अवसर नहीं है, बल्कि यह जिम्मेदारियों के नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने सभी उपाधि प्राप्त विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
राहुल सेनापति बोले- आज गर्व महसूस हो रहा है
फॉरेंसिक साइंस में स्नातक की डिग्री हासिल करने वाले छात्र राहुल सेनापति ने कहा कि झारखण्ड रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय देश की आंतरिक सुरक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के उद्देश्य से काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि डिग्री हासिल करने के बाद वह और उनके साथी विद्यार्थी बेहद खुश हैं और उन्हें अपने विश्वविद्यालय तथा अपनी उपलब्धि पर गर्व महसूस हो रहा है।दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के लिए सिर्फ डिग्री प्राप्त करने का अवसर नहीं रहा, बल्कि यहां से मिले ज्ञान और प्रशिक्षण को देश की सुरक्षा और समाज की सेवा में इस्तेमाल करने की नई जिम्मेदारी के साथ उनके शैक्षणिक सफर का एक महत्वपूर्ण अध्याय पूरा हुआ।

