राँची के चान्हो में बच्चों को लेने निकली स्कूल बस रास्ते में पलटी, संयोग से खाली थी बस
राँची।जिले के चान्हो थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस वक्त बड़ा हादसा टल गया, जब विद्यार्थियों को लाने जा रही बाल विकास स्कूल की बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा घुसी और पलट गई। हादसा लेपसर स्थित आदित्य ईंट भट्ठा के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार, स्कूल बस विद्यार्थियों को लाने के लिए हर्रा गांव की ओर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में एक ट्रैक्टर को ओवरटेक करने के क्रम में बस सड़क के किनारे चली गई। सड़क किनारे बने गड्ढे में पहिया जाने के बाद चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस पलट गई।
बस में बच्चे नहीं थे, टला बड़ा हादसा
हादसे की सबसे राहत वाली बात यह रही कि जिस समय बस दुर्घटनाग्रस्त हुई, उस वक्त बस में एक भी विद्यार्थी सवार नहीं था। बस बच्चों को लेने के लिए जा रही थी। इस वजह से बड़ा हादसा होने से टल गया। दुर्घटना में चालक के भी बाल-बाल बचने की जानकारी है और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
मौके पर जुटी भीड़, बस निकालने की कोशिश
बस पलटने की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से पलटी हुई बस को गड्ढे से बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

