रफ्तार का कहर…NH-33 पर यात्रियों से भरी बस पलटी, कई घायल

सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिले में शनिवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोलकाता से राँची जा रही यात्रियों से भरी शिवम बस तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर झाबरी गांव के समीप सड़क पर पलट गई। हादसे के वक्त बस में करीब 25 से 30 यात्री सवार थे। दुर्घटना में कई यात्री घायल हुए हैं, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

नींद में थे यात्री, अचानक पलटी बस

हादसा सुबह करीब चार बजे हुआ। बताया जा रहा है कि बस यात्रियों को लेकर कोलकाता से राँची की ओर जा रही थी। ज्यादातर यात्री उस वक्त नींद में थे। इसी दौरान बस अचानक अनियंत्रित हुई और तेज झटके के साथ पलट गई।बस के पलटते ही अंदर यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। अंधेरे में हुए हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए।

पुलिस ने यात्रियों को बस से बाहर निकाला

हादसे की सूचना मिलते ही चौका थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। इसके बाद गंभीर रूप से घायल तीन यात्रियों समेत अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार और बेहतर इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया।

कुछ देर प्रभावित रहा हाईवे पर आवागमन

बस के सड़क पर पलट जाने से NH-33 पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में बस के तेज रफ्तार में अनियंत्रित होने की बात सामने आई है।

error: Content is protected !!