पटना में सुबह-सुबह एनकाउंटर…पुलिस पर गोली चलाना पड़ा भारी, हत्या का आरोपी घायल
पटना। बिहार की राजधानी पटना में रविवार की सुबह-सुबह पुलिस और हत्या के आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। बख्तियारपुर फोरलेन से कल्याण बिगहा जाने वाली सड़क पर नमो गंगे प्रोजेक्ट के पास हुई इस घटना में हत्या का मुख्य आरोपी सौरभ सिंह पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया। उसके बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लगी है। मुठभेड़ के दौरान एक महिला पुलिस पदाधिकारी को भी चोट आई है।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र में दर्ज अंजनी कुमार हत्याकांड में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए की जा रही थी। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर झाड़ियों से लोडेड पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोली पुलिस वाहन के बोनट और हेडलाइट के पास लगी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सौरभ घायल हो गया।
हथियार बरामदगी के दौरान अचानक चली गोली
पुलिस के अनुसार, रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र में 27 सितंबर को अंजनी कुमार की हत्या के मामले में कांड संख्या 1035/26 दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पटना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने 24 अक्टूबर को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था।गिरफ्तार आरोपियों में सौरभ सिंह उर्फ सौरभ कुमार, समर्थ दुबे और दीपांशु मिश्रा शामिल बताए गए हैं। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान सौरभ ने हत्या में इस्तेमाल हथियार को बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के कल्याण बिगहा रोड पर नमो गंगे प्रोजेक्ट के पास झाड़ियों में छिपाने की जानकारी दी थी।
इसके बाद रामकृष्ण नगर और बख्तियारपुर थाने की पुलिस टीम हथियार बरामद करने मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, जैसे ही टीम हथियार बरामद करने की प्रक्रिया में जुटी, सौरभ ने झाड़ियों से लोडेड पिस्टल निकालकर पुलिस पर गोली चला दी। इस दौरान पुलिस वाहन को भी निशाना बनाया गया।
महिला एसआई की जवाबी फायरिंग में घायल हुआ आरोपी
पुलिस के मुताबिक, अचानक हुई फायरिंग के बाद रामकृष्ण नगर थाने की सब-इंस्पेक्टर पूजा कुमारी ने जवाबी फायरिंग की। इसमें सौरभ के बाएं पैर में गोली लगी और पुलिस टीम ने उसे काबू में कर लिया।घायल आरोपी को पहले बख्तियारपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच, पटना रेफर किया गया। घायल महिला पुलिस पदाधिकारी को भी उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
दो हथियार, दो मैगजीन और 14 कारतूस बरामद
मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से पुलिस ने दो हथियार, दो मैगजीन और 14 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया।
पुलिस के अनुसार, सौरभ सिंह का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हत्या के दो और आर्म्स एक्ट के दो मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है। अन्य मामलों का सत्यापन भी किया जा रहा है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। हत्या के मामले में हथियार बरामदगी के दौरान हुई इस मुठभेड़ ने इलाके में हलचल मचा दी है।

