कांग्रेस प्रत्याशी ने मतदान केंद्र में मतदाताओं पर तानी पिस्टल!

पलामू। झारखंड में विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग के दौरान डाल्टनगंज से कांग्रेस प्रत्याशी केएन त्रिपाठी का घिनौना चेहरा सामने आया है। चैनपुर प्रखंड के कोलियरी गांव के बूथ पर केएन त्रिपाठी हाथों में पिस्टल लेकर पहुंचे। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनका इरादा बूथ कैपचरिंग का था। बूथ के ठीक सामने भीड़ के बीचो-बीच वे पिस्टल ताने खड़े होकर लोगों को धमकाते नजर आ रहे हैं। जिसका पुरजोर विरोध किया जा रहा है। बूथ पर उपस्थित लोग उन्हें गालियां देकर भगा रहे हैं। विधायक प्रत्याशी को गुंडे के रूप में देख लोग भयभीत भी हैं। वायरल वीडियो में हाथों में त्रिपाठी पिस्टल लिए हुए हैं और उनके सुरक्षा गार्ड उन्हें बाहर ले जा रहे हैं। चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल है। लोग जहां-तहां भागकर अपनी जान बचा रहे हैं। उन्हीं में से किसी ने उनका वीडियो बनाया वीडियो में लोगों की आवाज साफ आ रही है, जिसमें वे गुंडई कर रहे केएन त्रिपाठी का विरोध कर रहे हैं।

गाड़ी का शीशा तुड़वा कर भाजपा प्रत्याशी पर लगा रहे आरोप –
मामले का एक दूसरा हिस्सा भी है, जिसमें केएन त्रिपाठी भाजपा प्रत्याशी आलोक चौरसिया और उनके लोगों पर आरोप लगा रहे हैं कि उनके द्वारा इन पर हमला किया गया। जबकि स्थानीय लोगों और सूत्रों का कहना है कि के एन त्रिपाठी ने अपने ही सुरक्षाकर्मियों से अपनी गाड़ी का शीशा तुड़वाया और दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।

हार की आशंका से परेशान हैं त्रिपाठी –
दरअसल डाल्टनगंज सीट से केएन त्रिपाठी की हार लगभग तय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा के बाद माहौल भाजपा के पक्ष में है। हार की आशंका से परेशान केएन त्रिपाठी को कुछ और नहीं सूझा तो वह हाथ में पिस्तौल लेकर बूथ पहुंच गए। उन्होंने लोगों को धमकाया जिसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। चुनाव के दिन कांग्रेस प्रत्याशी का यह रूप पार्टी व प्रत्याशी के इरादे को साफ कर देता है।