Reels बनाने के नाम पर पुलिसकर्मी की नाबालिग बेटी से बलात्कार, यूट्यूबर पिता-पुत्र गिरफ्तार

 

कोलकाता।पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना के हरोआ थाना क्षेत्र में एक पुलिसकर्मी की नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर बलात्कार का मामला सामने आया है।मामले में पुलिस ने यूट्यूबर पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।आरोप है कि उन्होंने पहले पीड़िता की गुप्त तस्वीरें लीं। फिर तस्वीरें दिखाकर उसे को ब्लैकमेल किया और उसके साथ बलात्कार किया।मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार गिरफ्तार यूट्यूबर इस घटना का मास्टरमाइंड है। मामले में फरार दो लोगों की तलाश जारी है।फिलहाल पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार15 वर्षीय नाबालिग लड़की के पिता कोलकाता पुलिस में कार्यरत हैं। पीड़िता का घर हरोआ के मोहनपुर में है। आरोपी यूट्यूबर उसी इलाके का रहने वाला है। नाबालिग लड़की एक स्थानीय स्कूल में कक्षा 9 की छात्रा है।वह नाचने-गाने में काफी अच्छी है। यूट्यूबर और उसके नाबालिग बेटे ने कुछ महीने पहले उसे डांस और गाने का वीडियो बनाने के नाम पर बुलाया था।

नाबालिग लड़की को कथित तौर पर वीडियो बनाने के नाम पर कई जगहों पर ले जाया गया। नाबालिग के परिवार ने पहले तो पड़ोसी होने का हवाला देकर इस मामले पर कोई आपत्ति नहीं जताई, लेकिन बाद में उन्हें पता चला कि बाप-बेटे ने रील बनाने के नाम पर नाबालिग लड़की की कुछ अश्लील तस्वीरें और वीडियो चुपके से बना लिए थे। उन्हीं तस्वीरों और वीडियो को दिखाकर उन्होंने ब्लैकमेलिंग शुरू की दी।

कथित तौर पर यूट्यूबर ने नाबालिग के साथ बलात्कार किया। इसके बाद जब नाबालिग लड़की ने यह बात उसके बेटे को बताई तो, उसने कहा कि जब नाच-गाने का कंटेंट बनाते हो, तो ये सब होता है। आरोप है कि इसी दौरान लड़के ने शादी करने के नाम पर नाबालिग की मांग में सिंदूर लगा दिया। इसके बाद उसने भी लड़की के साथ बलात्कार किया। आरोप है कि आरोपी ने पीड़िता को किसी को बताने पर उसकी गुप्त तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दी।

पीड़िता के परिवार के वकील कालिदास मंडल ने बताया कि बलात्कार की घटना इसी महीने की 7 तारीख को हुई।उस दिन अरविंद ने नाबालिग लड़की के साथ उसके घर पर बलात्कार किया।उसके बाद बेटे ने भी शादी का झांसा देकर उसके कपड़ों पर सिंदूर लगाकर उसके साथ बलात्कार किया।

मामला सामने आने के बाद पीड़िता के परिवार ने पुलिस से संपर्क किया और हरोआ थाने में शिकायत भी दर्ज कराई।उसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने रविवार सुबह यूट्यूबर और उसके बेटे को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया।पीड़िता के परिवार ने दोनों आरोपियों के लिए कड़ी सजा की मांग की है।

मामले में बशीरहाट जिले के पुलिस अधीक्षक हुसैन मेहदी रहमान ने कहा, “कुल चार लोगों पर पॉक्सो अधिनियम के तहत आरोप लगाए गए हैं।इसके आधार पर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।बाकी दो फरार हैं। उन्हें पकड़ने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण हो चुका है। गिरफ्तार किए गए दोनों लोगों को रविवार दोपहर बशीरहाट उपजिला न्यायालय में पेश किया गया। मामले की जांच जारी है।”

error: Content is protected !!