जंगल से एक युवक का अधजला शव बरामद,जांच में जुटी है पुलिस…
राँची।झारखण्ड के खूँटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत लोधमा टीओपी के काटमकुकु जंगल में मंगलवार शाम एक अज्ञात व्यक्ति का जला एवं सड़ा-गला शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार शव जंगल के बीचोंबीच पहाड़ी क्षेत्र में मिला है, जो करीब पांच-छह दिन पुराना प्रतीत होता है। प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। शव की हालत से आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को जलाने का प्रयास भी किया गया। सूचना मिलने पर कर्रा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बता दें काटमकुकु और कुलहुटू जंगल क्षेत्र खूंटी जिला और राँची जिला की सीमा पर स्थित सघन व सुनसान इलाका है। यहां आपराधिक घटनाओं का सिलसिला लगातार सामने आ रहा है। हाल ही में इसी जंगल में एक युवती की हत्या कर उसका चेहरा कुचल दिए जाने की घटना सामने आई थी, जिसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। इससे पहले अप्रैल महीने में भी काटमकुकु जंगल के समीप एक युवती की हत्या कर शव जलाए जाने का मामला दर्ज हुआ था।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अपराधी पूरी योजना के तहत लोगों को बहला-फुसलाकर काटमकुकु जंगल में लाते हैं और घटना को अंजाम देते हैं। बताया जा रहा है कि पीड़ितों में अधिकांश बाहरी लोग होते हैं। लगातार हो रही वारदातों से लोधमा पंचायत सहित आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है।
एसडीपीओ ख्रीस्टोफर केरकेट्टा ने बताया कि शव मिलने के मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के थानों के साथ समन्वय कर संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है। साथ ही शव की पहचान के लिए प्रयास किये जा रहे है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

