लातेहार में हाइवा की टक्कर से युवक की मौत,आक्रोशित परिजनों ने मुख्य सड़क जाम किया
लातेहार।झारखण्ड के लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बरनी जंगल के पास एक हाइवा ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। मृतक की पहचान बालूमाथ थाना क्षेत्र के कोमर गांव निवासी कुलदीप गंझु (36) के रूप में हुई है,जो रति पाहन के पुत्र थे।
जानकारी के अनुसार, कुलदीप अपने घर से बालूमाथ बाजार जा रहे थे। इसी दौरान बरनी जंगल के पास एक हाइवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। कुलदीप गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बालूमाथ-राँची मुख्य सड़क को बालूमाथ थाना चौक के पास जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
जाम की सूचना मिलते ही बालूमाथ थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर परमानंद बिरुआ, अंचलाधिकारी बालेश्वर राम, एसआई गौतम कुमार और विनय सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत की और पीड़ित परिवार को पारिवारिक लाभ तथा सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। करीब एक घंटे बाद जाम हटाया जा सका।

