लेवी के लिए मजदूरों की पिटाई,सरकारी भवन निर्माण स्थल पर हथियारबंद अपराधियों का हमला…जांच में जुटी है पुलिस…

 

पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में लेवी को लेकर हथियारबंद अपराधियों ने सरकारी निर्माण कार्य स्थल पर काम कर रहे तीन मजदूरों की बेरहमी से पिटाई कर दी। यह घटना महुदंड पंचायत के प्रतापपुर गांव में बहुउद्देशीय भवन निर्माण के दौरान बीती रात हुई।पिटाई में गंभीर रूप से घायल दो मजदूरों को मेदिनीनगर रेफर किया गया है, जबकि एक का इलाज हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल में जारी है।घायल मजदूरों की पहचान मेदिनीनगर निवासी दिलीप चौरसिया, बसंत चौरसिया और अशोक चौरसिया के रूप में हुई है। दिलीप और बसंत की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात कुछ हथियारबंद अपराधी निर्माण स्थल पर पहुंचे और लेवी की मांग करने लगे। जब मजदूरों ने पैसे देने से इनकार किया, तो अपराधियों ने लाठी-डंडों से उनकी जमकर पिटाई की।यह हुसैनाबाद में लेवी को लेकर मजदूरों पर हमले की पहली घटना नहीं है। इससे पहले 27 अक्टूबर की रात इसी पंचायत के प्रतापपुर गांव में एक महिला मजदूर प्रतिमा देवी पर भी हथियारबंद अपराधियों ने हमला किया था। प्रतिमा देवी वहां निर्माण स्थल की देखरेख कर रही थीं। अपराधियों ने खुद को थाना प्रभारी बताकर गेट खुलवाया और फिर प्रतिमा देवी की पिटाई की।अपराधियों ने महिला का मोबाइल तोड़ दिया और संवेदक अविनाश कुमार व मुंशी को धमकी भरे कॉल करने के लिए मजबूर किया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी थी कि यदि लेवी नहीं दी गई, तो निर्माण कार्य बंद करा दिया जाएगा और संबंधित लोगों की हत्या कर दी जाएगी।

जानकारी के अनुसार, उक्त दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। इलाके में लगातार हो रही इन घटनाओं से दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में सख्त गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।

error: Content is protected !!