हाथियों के हमले में दो युवकों की मौत,रात में घर लौट रहे थे दोनों युवक…ग्रामीणों में वन विभाग को लेकर नाराजगी

 

रामगढ़।झारखण्ड के रामगढ़ जिले के जगेश्वर ओपी क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई,जब हाथियों के एक झुंड ने दो युवकों को कुचलकर मार डाला। यह हादसा बोकारो से सटे तिलैया अंडरग्राउंड रेलवे क्रॉसिंग के पास हुआ।मृतकों की पहचान प्रकाश महतो और चरकू महतो के रूप में हुई है।दोनों युवक किसी काम से देर रात गांव लौट रहे थे, तभी अचानक हाथियों का झुंड उनके सामने आ गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, अंधेरा और जंगल का इलाका होने के कारण दोनों को बचने का मौका नहीं मिल पाया।

घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण वहां पहुंचे और इसकी जानकारी वन विभाग को दी। लोगों ने बताया कि जब तक टीम मौके पर पहुंचती, तब तक हाथियों का झुंड आगे बढ़ चुका था। दोनों युवकों की मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक उसी इलाके के रहने वाले थे।अक्सर इसी रास्ते से अपने घर जाया करते थे। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है। लोगों ने बताया कि हाथियों के लगातार मूवमेंट से कई दिनों से दहशत बनी हुई थी, लेकिन कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई।

घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने वन विभाग के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि लगातार शिकायतों के बावजूद हाथियों को रोकने या उन्हें सुरक्षित दिशा की ओर मोड़ने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।उनका कहना है कि हाथियों का झुंड कई दिनों से इलाके में घूम रहा है, पर वन विभाग की टीम केवल कागजी खानापूर्ति करके लौट जाती है। ग्रामीणों का आरोप है कि न तो गश्त बढ़ाई गई और न ही किसी तरह की चेतावनी या वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था की गई, जिससे लोग सुरक्षित रह सकें।

error: Content is protected !!