चतरा:हंटरगंज के गायघाट गांव में महिला की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत…जांच में जुटी है पुलिस…

 

चतरा।झारखण्ड के चतरा जिले के हंटरगंज प्रखंड अंतर्गत तिलहेत पंचायत के गायघाट गांव में एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। अज्ञात अपराधियों ने महिला को छाती में गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान जोगेंद्र भुईयां की पत्नी पूनम देवी के रूप में की गई है।बताया जा रहा है कि यह पूनम देवी की दूसरी शादी थी, जिसे हुए करीब पांच साल हो चुके थे।घटना के समय महिला घर के पास ही मौजूद थी।अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक महिला की मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।पुलिस ने घटनास्थल को घेराबंदी कर सुरक्षित किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, इस हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद हो सकता है। उनका कहना है कि महिला की हत्या के पीछे उसके पहले पति का भी हाथ हो सकता है।पूनम की पहली शादी दंतार के कुरखेता गांव में किशोरी भुईयां के साथ हुई थी। शादी के चार-पांच महीने पूनम ने उसे छोड़कर गांव के ही जोगिंद्र भुईयां से शादी कर ली। किशोरी भुईयां पूनम को भूल नहीं पाया था। जोगिंद्र के साथ शादी करने के बावजूद वह उसे अपने पास रखना चाहता था। लेकिन, यह उसके पास नहीं जाना चाहती थी।वहीं, ग्रामीणों की ओर से यह आशंका भी जताई जा रही है कि संपत्ति विवाद के कारण गोतिया द्वारा इस वारदात को अंजाम दिया गया हो।बताया जा रहा है कि पूनम देवी अपने मायके की इकलौती बेटी थी और संपत्ति को लेकर पहले से विवाद चल रहा था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के कारणों को लेकर अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं है। सभी संभावित बिंदुओं पर जांच की जा रही है।परिजनों और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा पुलिस ने किया है।

दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद गांव और आसपास के इलाकों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

error: Content is protected !!