पलामू में ऑपरेशन राँची में महिला की मौत…अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप, आक्रोशितों ने शव लेकर किया सड़क जाम

पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले के हुसैनाबाद में एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद राँची में इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शुक्रवार को जपला-छतरपुर मार्ग पर सड़क जाम कर दिया। वे अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग की है।मृतक महिला की पहचान 50 वर्षीय कलावती देवी के रूप में हुई है, जो बिहार के रोहतास जिले के इंद्रपुरी स्थित जयनगरा की रहने वाली थीं। परिजनों के अनुसार, महिला का ऑपरेशन 14 अक्टूबर को हुसैनाबाद के आर्यन हॉस्पिटल में हुआ था।

ऑपरेशन के बाद उसकी स्थिति गंभीर होने पर उसे राँची के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया था, जहां कई दिनों के इलाज के बाद उनकी मृत्यु हो गई। इधर, हुसैनाबाद स्थित निजी अस्पताल के संचालक फरार हैं।

परिजनों का आरोप है कि आर्यन हॉस्पिटल में ऑपरेशन के दौरान महिला की आंत काट दी गई, जिससे उसकी जान चली गई। उन्होंने प्रशासन और अस्पताल से संवैधानिक तरीके से मुआवजे की मांग की है।सामाजिक कार्यकर्ता विक्रम कुमार अंजन ने बताया कि कलावती देवी अपने घर की एकमात्र कमाने वाली सदस्य थीं। उनके पति रामचंद्र बैठा लकवाग्रस्त होने के कारण चलने-फिरने में असमर्थ हैं। उनकी दो बेटियां विवाह योग्य हैं, जिनके भविष्य के लिए मुआवजा अत्यंत आवश्यक है।

सूचना मिलने पर हुसैनाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची।प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर गाड़ियां तिरछी खड़ी कर दी और टायर भी जलाए, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। इधर, हुसैनाबाद सीओ पंकज कुमार ने सरकारी सहायता के तौर पर 20 हजार रुपए पीड़ित परिवार को उपलब्ध कराया और मामले की जांच का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम हटा।

हुसैनाबाद सीओ पंकज कुमार ने बताया कि अस्पताल प्रबंधक पर गलत इलाज करने का आरोप लगा है। इसकी जांच की जाएगी। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई होगी।

error: Content is protected !!