बंद पत्थर खदान में डूबने से महिला की मौत, कपड़े धोने के दौरान हुआ हादसा..

 

कोडरमा।झारखण्ड के कोडरमा जिले में कोडरमा प्रखंड के काराखुट गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में पानी से भरे बंद पड़े पत्थर खदान में गिरने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान काराखुट निवासी संगीता देवी (पति विजय सिंह) के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार संगीता देवी कपड़ा धोने के लिए खदान के पास गई थी। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरी। गहराई अधिक होने के कारण वे बाहर नहीं निकल सकी और डूबने से उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए।

सूचना मिलते ही डोमचांच थाना प्रभारी अभिमन्यु कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला।

बताया जाता है कि उक्त पत्थर खदान वर्ष 2005 से बंद है। माइंस संचालक द्वारा इसे भरने की प्रक्रिया शुरू की गई थी, लेकिन पानी की कमी को देखते हुए ग्रामीणों ने विरोध किया था। गांव में जल संकट गहराने के कारण लोग इसी खदान के पानी का उपयोग कपड़े-बर्तन धोने और मवेशियों को नहलाने के लिए करते रहे हैं। गांव में जलमीनार होने के बावजूद पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं हो पाता, जिससे यह खदान ग्रामीणों का मुख्य सहारा बनी हुई थी।

घटना के बाद प्रखंड प्रमुख सत्यनारायण यादव, मुखिया अनीता देवी भी मौके पर पहुंचे। हादसे से गांव में शोक की लहर है।

error: Content is protected !!