कमल से निकली रोशनी…राँची को मिली नई मेयर रोशनी…मतों की गिनती में शुरुआत से अंत रोशनी…
राँची।राँची में नई रोशनी खिल गई है। भाजपा समर्थित प्रत्याशी रोशनी खलखो राजधानी की मेयर बन गई हैं। उन्होंने शुक्रवार को कांग्रेस समर्थित रमा खलखो को 14,363 वोटों से हराया। रोशनी को 1,57,669 वोट मिले, जबकि रमा को 1,43,306 वोट मिले। पांच राउंड में हुई मतगणना का परिणाम रात 12 बजे घोषित किया गया। रोशनी खलखो ने पहले राउंड से ही बढ़त हासिल की, यह अंत तक बनी रही। महापौर पद के लिए 11 प्रत्याशी मैदान में थे, लेकिन मुख्य मुकाबला रोशनी-रमा के बीच रहा। अन्य 9 प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई है।
राँची नगर निगम के मेयर पद पर जीत दर्ज करने के बाद रोशनी खलखो के लिए सबसे भावुक पल वह था, जब उन्होंने मतगणना केंद्र के बाहर अपने पिता को इंतजार करते हुए देखा।जीत की खुशी और वर्षों की मेहनत की याद ने उन्हें इतना भावुक कर दिया कि वे खुद को रोक नहीं पाईं और पिता के गले लगते ही उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।यह भावुक दृश्य ट्रांसपोर्ट नगर स्थित मतगणना स्थल का है, जहां रात्रि 12 बजे रोशनी खलखो ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी रमा खलखो को हराकर पहली बार राँची की मेयर बनने का गौरव हासिल किया।जैसे ही जीत की औपचारिक घोषणा हुई, मतगणना केंद्र के बाहर मौजूद समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। चारों ओर रोशनी खलखो जिंदाबाद के नारे गूंजने लगे और समर्थकों ने फूलों की माला पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया।
इसी बीच जब रोशनी खलखो मतगणना केंद्र से बाहर निकलीं तो उनकी नजर अपने पिता पर पड़ी, जो भीड़ के बीच खड़े होकर बेटी का इंतजार कर रहे थे। पिता को देखते ही रोशनी की आंखें नम हो गईं। वे दौड़कर उनके पास पहुंचीं, गले लगीं और अपने गले की माला उतारकर पिता को पहना दी।
भावुक होकर उन्होंने कहा, “पापा, आपकी दुआ और आशीर्वाद से ही मेरी मेहनत रंग लाई है। इस भावुक पल को देखकर वहां मौजूद समर्थक भी भावुक हो उठे। कुछ देर के लिए माहौल तालियों और नारों से गूंजता रहा।इससे ठीक पहले रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और राँची के विधायक सीपी सिंह और हटिया नवीन जायसवाल भी मतगणना स्थल पहुंचे थे और रोशनी खलखो को जीत की बधाई दी।
रोशनी खलखो की जीत के बाद ट्रांसपोर्ट नगर स्थित मतगणना केंद्र के बाहर समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी। ढोल-नगाड़ों की थाप, फूलों की बारिश और लगातार लगते नारों के बीच जीत का जश्न देर तक चलता रहा।
इधर,हजारीबाग नगर निगम के नए मेयर अरविंद कुमार राणा चुने गए हैं। अरविंद राणा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता और पत्रकार भी रहे हैं। पहली बार हुए मानगो नगर निगम चुनाव में मेयर पद के लिए पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने भाजपा समर्थित संध्या सिंह को हराया। आदित्यपुर नगर निगम में भाजपा समर्थित संजय सरदार जीते। देवघर नगर निगम चुनाव के नए मेयर झामुमो समर्थित उम्मीदवार रवि रावत होंगे। धनबाद में संजीव सिंह आगे चल रहे हैं। वहीं, मेदिनीनगर में भाजपा समर्थित अरुणा शंकर ने कड़ी टक्कर में कांग्रेस समर्थित नम्रता त्रिपाठी को 3122 वोटों से हराया। चास में भोलू पासवान ने जीत दर्ज कर ली हैम वहीं, नगर पंचायत में भाजपा समर्थित 8 प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। बिना समर्थन वाले प्रत्याशियों ने नगर निगम के साथ-साथ नगर परिषद में भी अच्छा प्रदर्शन किया है। बता दें कि 23 फरवरी को झारखण्ड के 48 नगर निकाय में चुनाव हुआ था।

