दूसरे के साथ लिव इन रिलेशन में रह रही थी पत्नी, पति ने पत्नी के प्रेमी को उतारा मौत के घाट…!
सरायकेला।झारखण्ड के सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात लिव इन रिलेशन में रह रहे एक जोड़े पर महिला के पति ने टांगी से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में महिला के प्रेमी की मौत हो गई जबकि महिला गंभीर रूप से घायल है। फिलहाल उसका इलाज एमजीएम अस्पताल में जारी है।
आरआईटी थाना क्षेत्र में महिला और पुरुष एक साल से लिव इन रिलेशन में रह रहे थे।जानकारी के मुताबिक, महिला की शादी हो चुकी है और उसके चार बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि महिला एक साल पहले से अपने पति से अलग रह रही थी। इसी दौरान महिला की युवक के साथ नजदीकी बढ़ी और दोनों रिलेशन में आ गये।
जब यह बात महिला के पति को पता चली तो उसे यह सब नागवार गुजरा।इस दौरान महिला के पति ने महिला को कई बार समझाने की कोशिश की लेकिन महिला नहीं मानी। जानकारी में यह भी सामने आया है कि जब उसका पति महिला को समझाने जाता था तो लिव इन रिलेशन में रह रहा युवक उसके साथ मारपीट कर था और उसे भगा देता था।
उसके बाद बुधवार रात, महिला का पति दोनों की हत्या की नीयत से घर में घुसा और सोयी हुई अवस्था में टांगी से उन दोनों पर हमला कर दिया। हमले के बाद दोनों को घायल अवस्था में एमजीएम अस्पताल ले जाया गया जहां युवक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, वहीं महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।इधर घटना के बाद पुलिस फरार आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए जगह जगह दबिश दे रही है।
‘मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा है. आरोपी शख्स की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है’। -विनय कुमार, थाना प्रभारी, आरआईटी।