पत्नी ने पालतू कुत्ते से पति पर कराया हमला,कुत्ते के काटने से पति की हालत गंभीर,जांच में जुटी है पुलिस..
हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है।यहां पत्नी ने अपने पालतू कुत्ते से पति को कटवा दिया।कुत्ते ने बुरी तरह मालिक को घायल कर दिया।अब वह अस्पताल में इलाज करवा रहा है।उसकी स्थिति भी नाजुक बनी हुई है।यह घटना हजारीबाग के मटवारी स्थित कृष्णापुरी कॉलोनी की है।
बड़ा बाजार जैन धर्मशाला निवासी रोहित कुमार जैन (उम्र 35 वर्ष) पर उसकी पत्नी एवं ससुराल वालों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला प्रकाश में आया है।रोहित कुमार जैन ने अपने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाना में आवेदन दिया है।आवेदन में रोहित जैन ने बताया कि उसकी शादी जनवरी 2024 में रूपा अग्रवाल से हुई थी।शादी के कुछ ही दिनों बाद से पत्नी और ससुराल पक्ष के लोग उन्हें लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।
रविवार, 09 नवंबर 2025 को स्थिति इतनी बिगड़ गई कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उन पर जान से मारने का प्रयास किया तथा उनके ऊपर पालतू कुत्ते से हमला करवाया, जिससे उनके शरीर के कई हिस्सों में काटने के निशान आ गए।पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने लोहसिंघना थाना में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है।उन्होंने आशंका जताई है कि ससुराल पक्ष के लोग भविष्य में भी उनके ऊपर हमला कर सकते हैं, क्योंकि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं कि तुम्हें छोड़ेंगे नहीं। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से अपनी सुरक्षा की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है।
पीड़ित के पिता मनोज जैन इस घटना के बाद बेहद चिंतित हैं और वह अपने बेटे के इलाज में लगे हुए हैं।उन्होंने बताया कि पत्नी द्वारा पति पर कुत्ते से हमला करवाना सारी सीमाओं को लांघ देने के बराबर है।इस संबंध में लोहसिंघना थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है।मामले की जांच की जा रही है और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

