खूंटी में आदिवासी नेता सह पड़हा राजा की हत्या के खिलाफ आक्रोश,बंद का व्यापक असर…
खूंटी।झारखण्ड के खूंटी जिले के आदिवासी नेता सह एदेल संगा पड़हा के राजा सोमा मुंडा की बुधवार को हुई गोली मारकर हत्या के खिलाफ जिला बंद का व्यापक असर दिख रहा है। आदिवासी संगठन के लोग सड़कों पर उतरकर हत्याकांड का विरोध कर रहे हैं। विधि व्यवस्था न बिगड़े इसको देखते हुई खूंटी प्रशासन चौकस है। खूंटी के चेंबर ऑफ कॉमर्स ने भी बंद को समर्थन दिया है।
गुरुवार की सुबह आदिवासी संगठनों के लोग सड़कों पर उतरे और बंद के समर्थन में नारेबाजी की। कई जगह ट्रैक्टर खड़ी कर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया गया है। जगह-जगह मुख्य मार्गों पर गाड़ियों की लंबी कतार लगी हुई हैम स्थानीय लोगों ने मुरहू-तोरपा और अड़की इलाके में बंद कराया।हूटार चौक पर भी लोगों ने प्रदर्शन किया।जिससे राँची की ओर से जाने वाले वाहनों की लंबी कतारें लगी है।
बता दें बुधवार की शाम खूंटी थाना क्षेत्र के जमुआदाग के समीप अपराधियों ने सोमा मुंडा पर उस वक्त हमला किया, जब वे अपने घर लौट रहे थे। सोमा मुंडा अपनी पत्नी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। उनकी पत्नी ने बताया कि वे जमुआदाग के रास्ते से होकर अपने गांव चलांगी लौट रहीं थीं। जमुआदाग में तालाब के पास पीछे से एक बाइक पर सवार दो लोग आए और ओवरटेक करते हुए दो राउंड गोली चला दी।गोली लगते ही सोमा मुंडा गिर पड़े। गोली चलाने के बाद हमलावर बाइक सवार मंदरूटोली की ओर फरार हो गए।
डीएसपी वरुण रजक ने बताया कि एक जांच टीम गठित कर दी गई है।अपराधियों की धर पकड़ के लिए छापेमारी लगातार जारी है। आज खूंटी सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम किया जा रहा है। भाजपा नेता सह पूर्व सीएम चंपई सोरेन ने घटना की निंदा करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की है।उन्होंने कहा कि इस घटना से साफ है कि कानून व्यवस्था किस हाल में है।वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा ने घटना की निंदा करते हुए विधि व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।वहीं, खूंटी के कांग्रेसी सांसद कालीचरण मुंडा और तोरपा के विधायक सुदीप गुड़िया ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
बता दें कि एदेल संगा पड़हा राजा, झारखण्ड पार्टी के एक जुझारू कर्मठ नेता, शिक्षाविद और आदिवासी समन्वय समिति, खूंटी जिला के संयोजक थे।

