मोदी से झारखण्ड को “क्या मिला”…प्रचार के अनूठे तरीके अपना रही है भाजपा

 

राँची।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जमशेदपुर के दौरे के बाद से भाजपा कार्यकर्ताओं का जोश हाई है। झारखण्ड भाजपा राज्य सरकार की खामियों को गिनाने के साथ ही झारखण्ड में पीएम मोदी की योजनाओं के बखान में जुटी है।

एक ओर जब देश में भाजपा कार्यकर्ता पीएम मोदी के जन्मदिन पर तरह तरह के कार्यक्रम कर रहे हैं, तो दूसरी ओर भाजपा झारखण्ड मोदी को झारखंडी जोहार करते हुए प्रदेश में सामाजिक कल्याण, आदिवासी कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवावर्ग के लिए योजनाएं और इन्फ्रास्ट्रक्चर के कामों की लिस्ट पर्ची में छपवा कर बंटवा रही है।

पर्ची बांटने का यह पुराना तरीका लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है। सूत्रों के अनुसार आईटी और मैनेजमेंट प्रोफेशनल्स भाजपा के लिए प्रभावशाली कैंपेन बनाने में जुटे हैं, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचा जा सके।बताया गया है कि पूरे राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों के प्रमुख चौक चौराहों में वोटरों के बीच एक ही समय में लोगों के द्वारा खड़े होकर पर्ची बांटा जा रहा है।निश्चित रूप से यह अभियान एक बड़े वोटर समूह को साधने की कोशिश है। पार्टी केंद्र सरकार की योजनाओं को हाईलाइट करते हुए मतदाताओं में भाजपा के प्रति एक सकारात्मक वातावरण के निर्माण में जुटी है।

गौरतलब है कि इसके पूर्व भी “मिला क्या” शीर्षक के साथ भी पर्ची और पोस्टरों के माध्यम से लोगों से यह सवाल पूछा गया था। भाजपा लगातार अखबारों में विज्ञापन और अपने मंचों से पिछले 5 सालों में सोरेन सरकार से मिला क्या के सवाल को उठा रही है।

आज के इस कैंपेन को केंद्र सरकार या मोदी सरकार से झारखण्ड को क्या मिला के जवाब के रूप में देखा जा सकता है।

झारखण्ड में किसी भी समय चुनाव का ऐलान हो सकता है, इसके पूर्व भाजपा अधिक से अधिक वोटरों को भाजपा की केंद्र की सरकार के कार्यों को दिखाकर यह संदेश देना चाहती है कि डबल इंजन की सरकार होने से झारखण्ड को और अधिक कल्याणकारी योजनाएं मिलेगी।

रिपोर्ट-सुधीर शर्मा,राँची