अज्ञात वाहन ने बाइक में मारी टक्कर,दो सगे भाई और साढ़ू की मौत
खूंटी।झारखण्ड खूंटी जिले के अड़की थाना क्षेत्र में खूंटी-तमाड़ मुख्य मार्ग पर बारूहातू और खुदीमाड़ी के बीच अज्ञात वाहन और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दो सगे भाई और उनके एक रिश्तेदार की मौके पर मौत हो गई। घटना शनिवार को दिन के लगभग तीन बजे की है। मृतकों में अड़की के पुरनानगर नीचेटोली निवासी 28 वर्षीय मनोज लोहरा और उनके छोटे भाई 25 वर्षीय व्यास लोहरा शामिल हैं। तीसरा मृतक व्यास लोहरा का साढू 19 वर्षीय राज लोहरा शामिल है जो राँची जिले के सोनाहातू थाना क्षेत्र के भुरसूडीह गांव का निवासी था। मनोज लोहरा की दो बेटियां और एक बेटा है, जबकि व्यास लोहरा की एक बेटी और एक बेटा है।दोनों भाई मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे।
जानकारी के अनुसार,व्यास लोहरा की पत्नी चैती देवी का बंध्याकरण हुआ था और वह खूंटी सदर अस्पताल में भर्ती थीं उसे देखने के लिए तीनों शनिवार की सुबह 10 बजे बाइक से खूंटी निकले थे। रास्ते में अज्ञात वाहन से बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क के किनारे झाड़ियों में जा गिरे और मौके पर ही दम तोड़ दिया। राहगीरों ने घटना की जानकारी अड़की पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेज दिया।
इधर अड़की पुलिस ने टक्कर मारनेवाले वाहन का पीछा भी किया, परंतु वह पकड़ में नहीं आया। फिलहाल पुलिस वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।वहीं,घटना की खबर मिलते ही मृतकों के घर में कोहराम मच गया, परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। मृतक मनोज के पिता घसिया लोहरा ने बताया कि सुबह तीनों अस्पताल जाने के लिए निकले थे, परंतु दोपहर में हादसे की खबर मिली और वे थाना पहुंचे।

