तेज रफ्तार बाइक पोल से टकराई, दो युवकों की दर्दनाक मौत…
गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले के जमुआ प्रखंड स्थित पोबी गांव में बुधवार की देर रात हुए भयावह सड़क हादसे में रोहित तुरी (22) और चंदन तुरी (22) की जान चली गई। उनकी बाइक बेकाबू होकर बिजली के खंभे से टकरा गई थी। जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों युवक किसी निजी काम से शाम को जमुआ गए थे।देर रात लौटते समय पोबी मोड़ से करीब 100 मीटर पहले अचानक बाइक नियंत्रण खो बैठी। तेज रफ्तार में बिजली के पोल से सीधी टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। वहीं युवक दूर जाकर गिरे। घटना की आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़े, लेकिन तब तक दोनों की सांसें थम चुकी थीं।
हादसे की सूचना मिलते ही जमुआ थाना प्रभारी मणिकांत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।दोनों शवों को कब्जे में लेकर रात में ही थाना ले जाया गया।आज पोस्टमार्टम के लिए भेजा।आज सुबह गिरिडीह सदर अस्पताल में पोस्टमॉर्टम की गई।उसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार ही पाया गया है। बाइक इतनी तेजी से पोल से टकराई कि किसी तरह की बचने की संभावना नहीं बची।
इधर, बाइक की स्थिति देखकर यह अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं था कि टक्कर कितनी भयावह रही होगी। आसपास मिले टायर के निशान भी इस बात की पुष्टि करते हैं कि बाइक बेकाबू होकर फिसलते हुए पोल से जा भिड़ी।
घटना की खबर फैलते ही पोबी गांव में कोहराम मच गया। दोनों युवक परिवारों के अंतिम कमाने वाले सदस्य थे, जिनकी मेहनत-मजदूरी से घर चलता था। उनके अचानक चले जाने से परिजनों पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा। गांव में सुबह से ही लोगों का हुजूम मृतकों के घरों पर उमड़ पड़ा।

