खूँटी:छऊ नृत्य कार्यक्रम में मामूली विवाद के दो नाबालिग लड़का-लड़की की टांगी से काटकर बेरहमी से हत्या,दोनों का शव जंगल में फेंका,इलाके में सनसनी..

 

खूँटी।झारखण्ड के खूँटी जिले के सोयको थाना क्षेत्र के मॉडल विलेज जिवरी में अज्ञात अपराधियों ने दो नाबालिग युवक और युवती (उम्र करीब 16-17 साल) की टांगी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी।हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से अपराधियों ने दोनों के शवों को मारंगबुरु पहाड़ की तलहटी में फेंक दिया था।दोहरे हत्या से इलाके में भय का माहौल है।सोमवार को पुलिस ने दोनों शवों को बरामद कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, रविवार की रात सोयको थाना क्षेत्र में एक छऊ नृत्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।इस कार्यक्रम को देखने के लिए बिसु पाहन और सुमी मुंडू भी पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान ही रात में बिसु पाहन का कुछ स्थानीय अपराधी प्रवृत्ति के युवकों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपी हिंसक हो उठे।

विवाद बढ़ने पर अपराधियों ने बिसु पाहन और उसके साथ मौजूद सुमी मुंडू को जबरन पकड़ लिया अपराधी दोनों को खींचते हुए कार्यक्रम स्थल के पास ही स्थित एक सुनसान खेत में ले गए।वहां आरोपियों ने धारदार हथियार से दोनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना भयानक था कि दोनों नाबालिगों ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया।

वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने कानूनी कार्रवाई से बचने और साक्ष्य छिपाने की कोशिश की।उन्होंने दोनों के लहूलुहान शवों को वहां से उठाया और मारंगबुरु पहाड़ की तलहटी में ले जाकर फेंक दिया, ताकि किसी की नज़र उन पर न पड़े।

इधर,ग्रामीणों ने सुबह पुलिस को सूचना दी।पुलिस मौके पर पहुँचीं और परिजनों एवं ग्रामीणों के सहयोग से दोनों के शव को जंगल से बरामद किया।पुलिस ने शवों का पंचनामा करके पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। परिजनों को वारदात की जानकारी दी गई है। पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी है। टेक्निकल और मानवीय स्त्रोतों का इस्तेमाल करके आरोपियों का सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

 

वहीं,मॉडल विलेज जिवरी के ग्राम प्रधान बिनसाय मुंडा ने आशंका जताई है कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है। उन्होंने कहा कि फिलहाल वह राँची में प्रशिक्षण में हैं। गांव लौटने के बाद ही पूरे मामले की सही जानकारी मिल पाएगी।खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग ने कहा कि सुमी और बिसु मेला देखने आए थे। दोनों की हत्या हुई है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

error: Content is protected !!