Ranchi:रंगदारी नहीं देने पर कारोबारी के घर पर किया था बम से हमला, दो अपराधी गिरफ्तार
राँची।राजधानी राँची के ठाकुरगांव थाना क्षेत्र में एक कारोबारी से रंगदारी मांगने और रंगदारी नहीं देने पर घर पर बम से हमला करने वाले दो आरोपियों को राँची पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।गिरफ्तार अपराधियों के पास से बम बनाने की सामग्री भी बरामद की गई है।
शुक्रवार को प्रेसवार्ता में ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि ठाकुरगांव थाना क्षेत्र के बकरी गांव के रहने वाले कारोबारी ने पुलिस को आवेदन देकर बताया था कि एक अज्ञात फोन नंबर से कॉल कर कुछ लोग उनसे 20 लाख रुपये की रंगदारी मांग रहे थे। रंगदारी नहीं देने पर उनके घर पर बम से हमला किया गया और दोबारा कॉल कर जान से मारने की धमकी दी गई।
कारोबारी का आवेदन प्राप्त होते ही एसएसपी राकेश रंजन ने मामले को गंभीरता से लिया।एसएसपी के निर्देश पर ग्रामीण एसपी ने खलारी डीएसपी के नेतृत्व में तुरंत एसआईटी गठित किया।इसके बाद गठित पुलिस टीम ने अपना जाल बिछाकर टेक्निकल सेल की मदद से दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
मामले की जांच के दौरान पुलिस की टीम को यह सूचना मिली कि रंगदारी मांगने वाले अपराधी कारोबारी से रंगदारी लेने के लिए ठाकुरगांव-पिठोरिया सड़क पर आने वाले हैं। इसके बाद पुलिस की टीम के द्वारा गोपनीय तरीके से क्षेत्र की घेराबंदी कर रंगदारी लेने के क्रम में ही दो अपराधी अब्दुल रहीम और मोजिब अंसारी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अपराधियों के पास से रंगदारी में इस्तेमाल मोबाइल फोन, बाइक, बम बनाने के डिब्बे, बारूद और अन्य सामग्री बरामद की गई है।इस मामले में फिलहाल चार अन्य फरार अपराधियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। इस कार्रवाई में खलारी डीएसपी और ठाकुरगांव थाना प्रभारी शुभम कुमार की अहम भूमिका रही।वहीं छापेमारी में इनके अलावे थाना के पुलिस पदाधिकारी और कर्मी शामिल थे। पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।

