गिरिडीह में 6 घंटे में तीन सड़क दुर्घटना,पांच लोगों की मौत,कई घायल…
गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले में शनिवार की शाम से लेकर देर रात तक अलग-अलग सड़क हादसा हुआ है।जिले के तीन थाना इलाके में घटित घटना में पांच लोगों की जान चली गई है, जिसमें जीजा और साला भी शामिल हैं।पहली घटना बिरनी के खरखरी के समीप घटी है। यहां बाइक की टक्कर में एक युवक की जान चली गई। जिसकी पहचान किसुन तुरी के रूप में हुई, जो धनवार के महेशमरवा का बताया जा रहा है।जबकि तीन युवक घायल हो गए। घायलों में महेशमरवा के रोहित तुरी, संतोष तुरी और बिरनी के खरटी गांव निवासी विकास वर्मा शामिल हैं।तीनों घायलों को थाना प्रभारी आकाश भारद्वाज ने ग्रामीणों के सहयोग से इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया है।
शनिवार की सबसे बड़ी घटना देवरी में घटी। यहां देर शाम को चतरो-गावां मुख्य मार्ग पर देवरी थाना क्षेत्र के घासीडीह के पास कार और ट्रक के बीच सीधी टक्कर हो गई।घटना में कार सवार दो लोगों की मौत हो गयी। जबकि कार सवार तीसरे व्यक्ति की जान इलाज के लिए ले जाने के क्रम में हो गई। मृतकों की पहचान देवरी थाना क्षेत्र के पतरवा गांव निवासी मनीष साव (23 वर्ष ), मारुडीह गांव के विकास साव (25 वर्ष ) और पतरवा गांव निवासी कैलाश के तौर पर हुई।कैलाश और विकास जीजा-साला बताया जा रहा है।
घटना को लेकर जो जानकारी दी जा रही है, उसके अनुसार मृतक विकास साव शनिवार को अपनी फॉरेक्स कार लेकर पतरवा स्थित अपने बहनोई कैलाश साव के घर आया था। जहां पर वह अपने बहनोई कैलाश व पतरवा के ही मनीष साव को साथ लेकर कार से घूमने निकला, लेकिन वापस लौटने के दौरान टक्कर हो गई।घटना में विकास और मनीष की मौत मौके पर हो गई।घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने चतरो-गावां सड़क को घटनास्थल के पास जाम कर दिया।घटना की सूचना पर देवरी थाना प्रभारी सोनू कुमार साहू, भेलवाघाटी के थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीणों को समझा बुझाकर सड़क जाम समाप्त करवाया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि कार और ट्रक की टक्कर हुई है। घटना में तीन लोगों की जान चली गई है। शव को कब्जे में ले लिया गया है।पोस्टमार्टम के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रफ्तार और लापरवाही का कहर शनिवार की देर रात को बेंगाबाद में भी देखने को मिला।यहां बेंगाबाद–मधुपुर मार्ग पर झलकडीहा के समीप टोटो और बाइक में हुई भीषण टक्कर में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई।जबकि इस हादसे में टोटो पर सवार आधा दर्जन और बाइक पर एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए हैं। घायलों में टोटो चालक की हालत नाजुक बताई जा रही है।स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।मृतक युवक रोहित पोद्दार (30 वर्ष) डाकबंगला का रहने वाला है।
बताया जाता है कि मृतक रोहित पोद्दार अपनी बाइक पर एक अन्य युवक नेपाल पंडित के साथ बेंगाबाद की तरफ से अपने घर डाकबंगला की तरफ जा रहे थे।वहीं सवारी से भरा टोटो मधुपुर की तरफ से बेंगाबाद की ओर जा रहा था।इसी दौरान झलकडीहा के समीप दोनों वाहनों की भिड़ंत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार टोटो पर सवार सभी लोग बेंगाबाद थाना क्षेत्र के सोनबाद के रहने वाले हैं। घटना की सूचना पर सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव मौके पर पहुंचे और घटना की विस्तृत जानकारी लेते हुए घायलों का हाल जाना एसडीपीओ ने बताया कि झलकडीहा में बाइक-टोटो के बीच टक्कर हुई है। इस भिड़ंत में एक युवक की मौत हुई है। कुछ लोग घायल हैं जिनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।

