राँची में HC के असिस्टेंट रजिस्ट्रार के घर चोरी, ताले तोड़ लाखों के जेवर और 50 हजार नकद ले उड़े चोर
राँची। राजधानी राँची में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब हाई कोर्ट के अधिकारी का घर भी सुरक्षित नहीं रह गया है। खरसीदाग ओपी क्षेत्र के एक हाईप्रोफाइल कॉलोनी में स्थित झारखण्ड उच्च न्यायालय के सहायक निबंधक पवन कुमार सिंह के बंद घर का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने घर के दोनों मंजिलों के कमरों को खंगाला और कीमती सामान लेकर फरार हो गए। परिवार जब वापस लौटा, तो घर के अंदर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। घटना के बाद कॉलोनी के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
दोपहर में घर बंद कर निकला परिवार, अगले दिन लौटा तो टूटा मिला ताला
जानकारी के मुताबिक, सहायक निबंधक पवन कुमार सिंह 20 अक्टूबर को दोपहर करीब एक बजे अपने पूरे परिवार के साथ लोहरदगा गए थे। घर बंद था और परिवार की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। 21 अक्टूबर की शाम करीब छह बजे जब परिवार वापस लौटा, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाने पर घर के पिछले हिस्से का दरवाजा भी टूटा पाया गया। इसके बाद जब परिवार ने कमरों में जाकर देखा, तो हर तरफ सामान बिखरा पड़ा था।
दोनों मंजिलों की अलमारियां खंगालीं, जेवरात और नकदी गायब
चोरों ने घर के ऊपरी और निचले, दोनों मंजिलों के कमरों को निशाना बनाया। अलमारियां खुली पड़ी थीं और कपड़े समेत अन्य सामान फर्श पर बिखरे हुए थे। चोर सोने के झुमके, सोने की चेन, मंगलसूत्र, कान की बालियां, दो जोड़ी अंगूठियां, तीन जोड़ी चांदी की पायल, चांदी की भगवान की मूर्तियां, जितिया माला, दस चांदी के सिक्के और हाथ की घड़ियां चुरा ले गए। इसके अलावा घर में रखे 50 हजार रुपये नकद भी गायब मिले।चोरी गए सामान की कुल कीमत का स्पष्ट आकलन सामने नहीं आया है, लेकिन आभूषणों की सूची से नुकसान लाखों रुपये में होने की आशंका है।
इस घटना ने ल कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों के बीच इस बात को लेकर चिंता है कि जब एक जिम्मेदार न्यायिक अधिकारी के घर में चोरी हो सकती है, तो आम लोगों के घरों की सुरक्षा कितनी पुख्ता है। हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था में किसी विशेष चूक की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्राथमिकी दर्ज, साक्ष्य जुटाकर चोरों की तलाश में पुलिस
मामले में पवन कुमार सिंह के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस घटनास्थल से फिंगरप्रिंट समेत अन्य साक्ष्य जुटाकर जांच कर रही है। चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन की जा रही है। अब पुलिस के सामने चुनौती बंद घर में चोरी करने वाले आरोपियों का पता लगाना और चोरी गए आभूषणों की बरामदगी करना है।

