बोकारो पुलिस जिसे अपहृत समझकर ढूंढ रही थी, प्रेमी संग हुई थी फरार, 9 महीने बाद हरियाणा में मिली…
बोकारो।झारखण्ड के बोकारो पुलिस ने 9 महीने से लापता एक युवती को आखिरकार ढूंढ निकाला।मामला बोकारो जिले के पिंड्राजोरा थाना के कुरमा गांव की रहने वाली वैष्णवी कुमारी का है, जो 17 अप्रैल 2025 से पूरा बाजार से अचानक लापता हो गई थी।उस समय लड़की के पिता सुंदरलाल तुरी ने बेटी के अपहरण का मामला, थाने में दर्ज कराया था। 9 महीने की जांच और पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद, वैष्णवी को पुलिस ने हरियाणा के मानेसर से बरामद किया है।
वैष्णवी कुमारी, उत्तर प्रदेश के बलिया निवासी कृष्ण कुमार के साथ रह रही थी।लड़की की कृष्ण कुमार से 2023 में चास कॉलेज में परीक्षा देने के दौरान मुलाकात हुई थी।कृष्ण कुमार अपने एक मित्र के साथ कॉलेज में परीक्षा देने पहुंचा था। इसके बाद कृष्ण कुमार ने वैष्णवी को अपना नंबर दिया।दोनों की बातचीत शुरू हुई और कृष्ण कुमार ने शादी का प्रस्ताव लड़की के सामने रखा।लेकिन वैष्णवी ने यह कहकर मना कर दिया कि जब तक वह ग्रेजुएट नहीं हो जाती तब तक शादी नहीं करेगी।
इसके बाद कृष्ण कुमार नौकरी करने सऊदी अरब चला गया। जब वह लौटा तो 17 अप्रैल 2025 को वह लड़की के साथ फरार हो गया। जिसके बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन उसका पता नहीं चल सका।लेकिन पुलिस ने 9 महीने के बाद वैष्णवी को बरामद किया है।
बेटी के मिलने पर वैष्णवी की माँ ने खुशी जताते हुए कहा कि बेटी के लिए परेशान थी लेकिन एसपी साहब और थाना प्रभारी के प्रयास से वह वापस आ गई है।माँ ने आगे बताया कि वह अपने प्रेमी से शादी करके उसके साथ रहना चाहती है, हमें कोई आपत्ति नहीं है। वैष्णवी ने रिश्ते को स्वीकार करने की बात कही है और बताया कि वह बालिग है। उसने 2017 में मैट्रिक परीक्षा पास की है और उसकी जन्म तिथि 2002 है।
चास एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि लड़की के पिता द्वारा थाने में अपहरण का मामला दर्ज कराया गया था।जिसके बाद पुलिस टीम गठित कर हरियाणा के मानेसर से लड़की को बरामद कर लिया गया।प्रेम प्रसंग में बच्चे घर से गायब हो रहे हैं और इसे अपहरण बताकर परिजन परेशान रहते हैं।दोनों बालिग हैं इसलिए न्यायालय में वैष्णवी का बयान दर्ज कराने के बाद इस पर उचित फैसला लिया जाएगा।

