बच्ची का इलाज करा रही माँ ने अस्पताल के बर्न वार्ड में लगाई फांसी,अस्पताल में मचा हड़कम्प,बेटी के जलने से महिला परेशान थी….

दुमका। झारखण्ड के दुमका जिले के फूलोझानो मेडिकल कॉलेज व अस्पताल के बर्न वार्ड के ऑपरेशन थियेटर में लगे पंखे से लटक कर एक महिला ने जान दे दी। घटना के बाद अस्पताल में हड़कम्प मच गया।वहीं घटना की सूचना मिलने पर दुमका नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमॉर्टम कराया। महिला जामा थाना क्षेत्र के माठाचक गांव की रहने वाली थी, जिसका नाम बालिका मुर्मू था।

मिली जानकारी के अनुसार, बालिका मुर्मू की चार वर्षीय बेटी अणिमा हेंब्रम आग में झुलस गई थी। 13 फरवरी को परिजनों ने अणिमा को अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया था। बच्ची का इलाज चल रहा था। उसकी स्थिति में सुधार भी हो रहा था। अणिमा की देखभाल के लिए उसकी माँ बालिका मुर्मू और पिता रुबीलाल हेंब्रम बर्न वार्ड में रह रहे थे।

बताया जा रहा है कि गुरुवार की सुबह सभी के जागने के बाद बालिका मुर्मू अपने पति को यह कहकर बर्न वार्ड से निकली कि ब्रश करके आती है। जाने के बाद काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटी तो पति ने उसकी तलाश शुरू की। इसी क्रम में बर्न वार्ड के खाली पड़े ऑपरेशन थियेटर में बालिका मुर्मू का शव फांसी के फंदे पर झूलता मिला।पति के शोर मचाने पर फूलो झानो मेडिकल कॉलेज के सुरक्षाकर्मी, कर्मचारी और अन्य लोग एकत्रित हुए।और नगर थाने की पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस के आने से पहले पति ने लोगों के साथ मिलकर शव को नीचे उतार लिया था। मौके पर पहुंच कर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया।

आत्महत्या के कारणों का खुलासा अभी नहीं हो सका है। नगर थाना की पुलिस ने पति के बयान पर यूडी केस दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया। वहीं,मृतका की छोटी बहन ललिता हांसदा ने बताया कि बहन की एक चार साल की और दूसरी छह साल की बेटी है। छोटी बेटी के जल जाने से बहुत दुखी थी,वो कहती थी कि अगर उसने घर के कूड़े में आग नहीं लगाई होती तो उसकी बेटी आग तापने नहीं जाती।

इधर पति रुबिलाल ने कहा कि पुत्री के जलने से उसकी पत्नी उदास रहती थी, लेकिन उसे यह उम्मीद नहीं थी कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगी। नगर थाना प्रभारी नवल किशोर का कहना है कि पति के बयान पर यूडी केस दर्ज किया गया है। उन्होंने आगे कहा कि महिला ने खाली बेड पर खड़े होकर पंखे में साड़ी के सहारे फांसी का फंदा बनाया और उसी में झूल गई।