पुलिस की वर्दी में आए डकैतों ने पहले दरवाजा खुलवाया फिर घर में घुसकर की लूटपाट,जांच में जुटी पुलिस…
दुमका।झारखण्ड के दुमका जिला में मसलिया थाना क्षेत्र के पाटनपुर गांव में आज शनिवार की सुबह करीब तीन बजे के आसपास स्कार्पियो से आए करीब आठ से दस पुलिस वर्दीधारी नकाबपोश डकैतों ने एक महिला 45 वर्षीया सीमा गोराई के घर लूटपाट की।उन्होंने कारोबारी के घर में घुसकर करीब तीन लाख के नकद और आभूषण लूट लिया।पुलिस के भेष में आये सभी के हाथों में डंडा था।जानकारी मिलने पर मसलिया, जामा और पालोजोरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और अपराधियों के धर पकड़ में जुट गई।
इधर पुलिस के भेष में आए अपराधियों के द्वारा लूट की घटना को गंभीरता से लेते दुमका डीएसपी (हेडक्वार्टर) ने भी घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने सीमा गोराई के बयान पर अज्ञात पर मामला दर्ज किया है।और आगे की कार्रवाई में जुटी है।
डीएसपी ने बताया कि एक वाहन से पुलिस की वर्दी में आये डकैतों ने घर खुलवाया और लूट की घटना को अंजाम दिया है। मामला दर्ज कर अपराधियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पीड़ित परिवार के अनुसार,अपने पति लखन गोराई की मौत के बाद पत्नी सीमा गोराई एक बेटी और एक बेटा का भरण पोषण के लिए घर में ही किराना की दुकान संचालित करती है। शनिवार अहले सुबह एक स्कार्पियो पर सवार आठ से दस डकैत उसके दरवाजे पर आए और दरवाजा खटखटाया। महिला ने अंदर से पूछा कौन है तो डकैतों ने कहा कि वे पुलिस हैं और घर की जांच करने के लिए आए हैं।महिला ने दरवाजा खोलने से मना किया तो धमकी दी कि अंदर आकर जान से मार देंगे।डर के कारण महिला ने दरवाजा खोल दिया।इसके बाद चार डकैत अंदर आए और महिला पर बेहोशी का स्प्रे डाल दिया,जिससे महिला बेहोश हो गई। साथ ही बेटे-बेटी को एक कमरे में बंद कर दिया। फिर उन्होंने पूरे घर की तलाशी ली।
डकैतों ने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे जेवरात और बेटी की शादी के लिए एकत्र कर रखा दो लाख रुपया लूट लिए। इतना ही नहीं कुछ कांसा के बर्तन भी ले गए।डकैतों के भागने के एक घंटे बाद महिला को होश आया तो उन्होंने मसलिया थाना को डकैती की सूचना दी। जानकारी पाकर मसलिया, जामा और पालोजोरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। साथ ही डीएसपी हेडक्वार्टर इकुड डुंगडुंग भी घटनास्थल पर पहुंचे और महिला से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

