अपराधियों ने फायरिंग कर लाखों रुपए के जेवरात दुकानदार से छीने,जांच में जुटी है पुलिस..

 

हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग जिले में स्थित बरही चौक पर रविवार रात हथियारबंद अपराधियों ने जय माता दी ज्वेलर्स के दुकानदार रविंद्र कुमार से लाखों रुपए के जेवरात लूट लिए। यह घटना रात करीब 9 बजे हुई, जब वो दुकान बंद कर जेवरातों से भरा बैग अपनी कार में रख रहे थे।इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार अपराधी मौके पर पहुंचे और हवाई फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के बाद अपराधियों ने कार का शीशा तोड़कर जेवरात से भरा बैग छीन लिया।

रविंद्र कुमार ने विरोध करने का प्रयास किया, जिस पर अपराधियों ने उन पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया।घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी बाइक पर सवार होकर कोडरमा की ओर फरार हो गए। घायल दुकानदार को स्थानीय लोगों की मदद से हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि अपराधी पहले से रेकी कर रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ अजीत कुमार बिमल ने थाना प्रभारी विनोद कुमार को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। पूरे क्षेत्र में नाकेबंदी कर छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस कई लोगों से पूछताछ कर रही है।

थाना प्रभारी बिनोद कुमार यादव ने बताया कि घटना में शामिल अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना से बरही के व्यापारियों में चिंता का माहौल है। व्यापारियों ने प्रशासन से अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

 

बरही डीएसपी अजित कुमार बिमल ने बताया कि घटना के तुरंत बाद हजारीबाग एसपी के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया है. एसआईटी, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी बिनोद कुमार के नेतृत्व में सर्किल इंस्पेक्टर चंद्रशेखर कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सौरभ कुमार, सुमित कुमार, राजबल्लभ यादव, सुशील कुमार, मृत्युंजय सिंह, सुरजीत चौधरी और दीपक कुमार लगातार जगह जगह छापेमारी कर रही है।

 

 

error: Content is protected !!