स्कॉर्पियो में ले जा रहे थे बैल, ग्रामीणों ने छुड़ाया, गुस्से में गाड़ी में आग लगाई
सरायकेला।झारखण्ड के सरायकेला-खरसावां जिले के रंगा मटिया गांव में शनिवार देर रात गौ तस्करी की एक बड़ी कोशिश को ग्रामीणों ने नाकाम कर दिया। तस्कर एक स्कॉर्पियो वाहन में बैलों को लेकर गुजर रहे थे, तभी ग्रामीणों ने इसकी भनक पाई और तुरंत सक्रिय हो गए। उन्होंने वाहन को रोकने का प्रयास किया।वाहन चालक मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा, लेकिन ग्रामीणों ने बैलों को सुरक्षित छुड़ा लिया। गुस्साए ग्रामीणों ने इस दौरान स्कॉर्पियो वाहन में आग लगा दी। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह मार्ग अक्सर तस्करों द्वारा इस्तेमाल किया जाता है क्योंकि मुख्य सड़क से हटकर ग्रामीण रास्तों से होकर गुजरता है।
घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने ग्रामीणों को शांत कराया और मुक्त कराए गए मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पुलिस की सख्ती के कारण तस्कर अब मुख्य सड़कों के बजाय ग्रामीण रास्तों का इस्तेमाल कर रहे हैं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और फरार तस्करों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी शुरू कर दी है।
घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिल रही है। उनका कहना है कि बार-बार चेतावनी और शिकायत के बावजूद तस्कर क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने प्रशासन से यह भी मांग की है कि इस तरह की हरकतों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की गौ तस्करी न हो।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना थाने को दें ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके। थाने के अधिकारी ने बताया कि पूरे इलाके में सुरक्षा और गश्ती व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है।

