चाची ने नशेड़ी भतीजे को बार-बार ताना मारती थी…ताना सुनकर भतीजा ने उठा लिया खतरनाक कदम…दो गिरफ्तार
पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले में एक लूट और मारपीट की घटना का पुलिस ने उद्भेदन करते हुए दो आरोपी को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार आरोपी ने वारदात में शामिल होने की और वारदात को अंजाम क्यों दिया उसका खुलासा किया।
दरअसल,चाची भतीजे को गंजेड़ी कहकर ताना मारती थी। भतीजा नशे का आदि था।चाची का ताना भतीजा को अच्छा नहीं लगता था और वह अपनी चाची को सबक सिखाना चाहता था। चाची पारा शिक्षक है।उनसे बदला लेने के लिए युवक ने एक खौफनाक साजिश रची और चाचा के घर में लूट की घटना को अंजाम दिया।इस लूटपाट के दौरान चाची की पिटाई भी की गई।पुलिस ने पूरे मामले में खुलासा करते हुए भतीजा और उसके एक दोस्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
20 नवंबर को पलामू में हैदरनगर थाना क्षेत्र के कुकी में मृत्युंजय कुमार नामक व्यक्ति के घर में अपराधियों ने लूटपाट की घटना को अंजाम दिया।अपराधियों ने इस दौरान मृत्युंजय कुमार और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की थी। इस घटना के बाद हुसैनाबाद के एसडीपीओ मोहम्मद याकूब के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया जो लगातार अनुसंधान कर रही थी। पुलिस ने पूरे मामले में अनुसंधान करते हुए मृत्युंजय कुमार के भतीजा नीरज कुमार और उसके साथी ओम प्रकाश सिंह उर्फ दीपक सिंह को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने दोनों के पास से एक देसी कट्टा और लूट का मोबाइल बरामद किया है।
पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि नीरज कुमार को उसकी चाची लगातार ताना देती थी और गंजेड़ी कहा करती थी। घटना के दिन भी चाची ने ताना मारा था प्रतिशोध में नीरज कुमार ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम दिया। इस घटना में बिहार के औरंगाबाद के एनटीपीसी थाना क्षेत्र के रहने वाले विक्की कुमार नामक युवक भी गिरफ्तार हुआ है।एसपी ने बताया कि विक्की कुमार अन्य अपराध के मामले में बिहार के औरंगाबाद जेल में बंद है।विक्की कुमार छत्तीसगढ़ में एक अपराध के मामले में आजीवन कारावास के सजा का अभियुक्त है।विक्की कुमार को रिमांड पर लिया जाएगा।
पूरे मुकदमे के अनुसंधान में हुसैनाबाद एसडीपीओ मोहम्मद याकूब, इंस्पेक्टर विनोद राम, हैदरनगर थाना प्रभारी अफजल अंसारी, देवरी ओपी के प्रभारी बबलू कुमार सब इंस्पेक्टर मुकेश कुमार सिंह, सोनू गुप्ता, धनंजय कुमार, रमन कुमार सौरव चौबे आशीष कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी शामिल रहे।

