डोडा हादसे में शहीद जवानों को नम आंखों से सलामी, राँची पहुंचते ही भावुक हुआ माहौल
राँची।जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में शहीद हुए सेना के जवानों के पार्थिव शरीर शुक्रवार देर रात राँची लाए गए।जैसे ही शहीदों के पार्थिव शरीर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचा, पूरा माहौल गमगीन हो गया। सेना के जवानों, प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने शहीदों को नम आंखों से अंतिम सलामी दी।
एयरपोर्ट पर राज्य के वित्त मंत्री सहित अन्य ने शहीद जवानों के पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।इस दौरान सेना के वरिष्ठ अधिकारी, जिला प्रशासन और पुलिस के वरीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे।वित्त मंत्री ने कहा कि देश की रक्षा में दिया गया शहीदों का सर्वोच्च बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।राज्य सरकार शहीद परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।
बता दें कि 22 जनवरी को जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में सेना का एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया था।इस हादसे में कुल 10 जवान शहीद हो गए थे, जबकि 11 जवान गंभीर रूप से घायल हुए थे।सभी जवान ऑपरेशनल ड्यूटी पर तैनाती के लिए जा रहे थे।
शहीद जवानों में राँची के तिरिल निवासी अजय लकड़ा और पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के झालदा थाना क्षेत्र अंतर्गत पुंडा गांव निवासी 24 वर्षीय प्रद्युम्न लोहारा शामिल हैं।खराब मौसम के कारण विमान के विलंब से उड़ान भरने के चलते पार्थिव शरीर देर रात राँची पहुंचे।प्रशासन के अनुसार, आज शनिवार सुबह शहीद जवान प्रद्युम्न लोहारा के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव झालदा, पुरुलिया ले जाया गया। जबकि अजय लकड़ा का अंतिम संस्कार राँची में पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा।
शहीदों के सम्मान में राँची एयरपोर्ट पर कुछ देर के लिए पूरा परिसर भारत माता की जय और शहीद अमर रहें के नारों से गूंज उठा। पूरा राज्य अपने वीर सपूतों के बलिदान पर गर्व और शोक के भाव में एकजुट नजर आया।

