शादी का झांसा देकर अश्लील वीडियो बनाने वाला आरोपी गिरफ्तार, पीड़िता को लगातार कर रहा था ब्लैकमेल
चाईबासा।झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना पुलिस ने यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए बिहार के रहने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर शादी का प्रलोभन देकर युवती का अश्लील वीडियो बनाने और उसे सार्वजनिक करने की धमकी देने का गंभीर आरोप है।पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान मुकेश सिंह (26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के सीतामढ़ी जिले का निवासी है।घटनाक्रम की शुरूआत तमिलनाडु से हुई, यहां आरोपी और पीड़िता एक ही निजी कंपनी में कार्यरत थे। इसी दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो बाद में प्रेम संबंधों में बदल गई।आरोपी ने पीड़िता को शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध स्थापित किए और इस दौरान चुपके से उसका अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।संबंधों में खटास तब आई जब पीड़िता ने शादी का दबाव बनाया, जिसे आरोपी ने सिरे से खारिज कर दिया।जिसके बाद आरोपी पीड़िता को उसी वीडियो के आधार पर ब्लैकमेल करने लगा और लगातार मानसिक एवं शारीरिक शोषण करता रहा।पीड़िता की ओर से चाईबासा मुफस्सिल थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद, पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की।तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर मुकेश सिंह को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।मामले की आगे की जांच जारी है ताकि पीड़िता को पूर्ण न्याय मिल सके।

