राँची के एक्स्ट्रीम बार में घुसकर डीजे बजाने वाले की हत्या करने का आरोपी बिहार के गया से गिरफ्तार….गया पुलिस ने प्रेसवार्ता कर दी जानकारी…..

 

गया/राँची।झारखण्ड की राजधानी राँची के एक्स्ट्रीम बार में डीजे ऑपरेटर संदीप प्रमाणिक की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी अभिषेक सिंह को बिहार की गया पुलिस ने अलीपुर से गिरफ्तार कर लिया है।वारदात के बाद राँची की पुलिस ने गया के एसएसपी आशीष भारती से संपर्क किया था और आरोपी अभिषेक सिंह की गिरफ्तारी में सहयोग करने का अनुरोध किया था। इस मामले को एसएसपी आशीष भारती ने गंभीरता से लिया और पूरे जिले में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाने को लेकर सभी डीएसपी को निर्देश दिया था।आरोपी अभिषेक सिंह की गिरफ्तारी को लेकर एक विशेष टीम का गठन किया गया। इसमें टेक्निकल सेल के पुलिस पदाधिकारियों को भी शामिल किया गया।सोमवार को एसएसपी ने बताया कि इसी क्रम में गया पुलिस की विशेष टीम, अलीपुर थाने की टीम ने झारखण्ड पुलिस के साथ संयुक्त रूप से अलीपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपी अभिषेक सिंह को गिरफ्तार कर लिया और आगे की कार्रवाई को लेकर झारखण्ड पुलिस को सौंप दिया गया है।

गया के एसएसपी ने बताया है कि आरोपी अभिषेक सिंह की गिरफ्तारी को लेकर गया जिला पुलिस के पदाधिकारियों व सिपाहियों की त्वरित कार्रवाई को लेकर उन्हें पुरस्कृत किया जायेगा।

राँची के एक्सट्रीम बार में घुसकर पश्चिम बंगाल के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। युवक इस बार में काम करता था। उसकी पहचान संदीप प्रमाणिक उर्फ सैंडी डीजे के रूप में हुई है। रात 1:19 बजे पुलिस को इस वारदात की जानकारी दी गयी। चुटिया पुलिस ने घायल अवस्था में संदीप को रिम्स पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।