प्रेमी से फोन पर बात की और फिर युवती ने दी जान…धान काटने गए थे परिजन…

गुमला।झारखण्ड के गुमला जिले के बिशुनपुर थाना क्षेत्र में एक 18 वर्षीय छात्रा ने कथित प्रेम प्रसंग के कारण फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना हेसराग डिपा बगीचा में शनिवार देर शाम सामने आई। मृतका की पहचान स्वर्गीय मैनेजर उरांव की पुत्री सुलेखा कुमारी के रूप में हुई है। वह बिशुनपुर उच्च विद्यालय में नवीं कक्षा की छात्रा थी।परिजनों के मुताबिक घटना के समय घर के सभी सदस्य धान काटने खेत गए हुए थे। जब वे देर शाम घर लौटे, तो सुलेखा को अपने ही दुपट्टे से लटका हुआ देखकर दंग रह गए। तुरंत गांव के लोगों को सूचना दी गई। दुपट्टे का फंदा तोड़कर परिजनों ने बेटी को उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मृतका के परिजन शंकर उरांव ने बताया कि सुलेखा का एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शनिवार को वह फोन पर काफी देर तक बात करती रही। बातचीत के बाद वह कमरे में चली गई और काफी समय तक बाहर नहीं आई। परिजनों का दावा है कि फोन पर हुई बातचीत के बाद ही उसने यह चरम कदम उठाया।उन्होंने बताया कि घर पहुंचकर बेटी को इस हालत में देखकर वे तुरंत पास के मुखिया और सरपंच के पास पहुंचे। पूरे मामले की जानकारी देने के बाद पंचायत प्रतिनिधियों ने बिशुनपुर थाना को इसकी सूचना दी। गांव में घटना की जानकारी फैलते ही माहौल गमगीन हो गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतका के घर पहुंच गए।

सूचना मिलते ही रविवार सुबह बिशुनपुर थाना से एसआई शैलेश कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने मौके का मुआयना किया और पूरी स्थिति की जांच की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन घटना के कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और मोबाइल की जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मृतका के मोबाइल कॉल डिटेल और युवक से बातचीत की जानकारी खंगाल रही है।

error: Content is protected !!