सुकरा महतो हत्याकांड का खुलासा;खूंटी पुलिस के हत्थे चढा शूटर सहित पाँच अपराधी,17 एकड़ जमीन बनी मौत का कारण..
राँची।झारखण्ड के खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में बीते दिन हुए सनसनीखेज सुकरा महतो हत्याकांड का खूंटी पुलिस ने खुलासा कर दिया है।पुलिस ने इस मामले में शूटर समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।गिरफ्तार आरोपियों में विकास महतो, बिनोद महतो, रामप्रसाद महतो उर्फ छोटू, सिकंदर महतो उर्फ सचिन और रामू महतो शामिल हैं।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल एक देसी कट्टा और एक मोटरसाइकिल भी जंगल से बरामद किया है।
बता दें 6 मार्च की रात खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र के तिमड़ा गांव में अपराधियों ने सुकरा महतो की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस दौरान गोली लगने से उनका बेटा भी गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसका फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है।इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
घटना के तीसरे दिन परिजनों ने कर्रा थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई, जिसमें जमीन विवाद का मामला सामने आया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की।परिजनों के सहयोग और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने हत्याकांड में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो ने बताया कि इस हत्याकांड की मुख्य वजह जमीन विवाद है। सुकरा महतो के ससुर का कोई बेटा नहीं था, इसलिए उन्होंने अपनी करीब 17 एकड़ जमीन अपनी दो बेटियों के नाम कर दी थी।इनमें एक बेटी सुकरा महतो की पत्नी है। जमीन बेटियों के नाम होने से गोतिया पक्ष के लोग नाराज थे। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच मामला कोर्ट तक पहुंच गया था, जहां अदालत ने फैसला सुकरा महतो के पक्ष में सुनाया था।
एसपी ने बताया कि कोर्ट का फैसला आने के बावजूद आरोपियों की नाराजगी खत्म नहीं हुई।इसी रंजिश में आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से सुकरा महतो की हत्या की साजिश रची और 6 मार्च की रात उन्हें गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया।

