राँची पुलिस के हत्थे चढ़ा बाइक चोरी कर चेन छिनतई करने वाले स्नैचर्स,गला हुआ सोना भी बरामद

राँची।राजधानी राँची की जगरनाथपुर थाना की पुलिस ने राजधानी में चोरी के बाइक से महिलाओं से छिनतई करने वाले गिरोह के दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से गलाया हुआ सोना भी बरामद किया गया है।चेन स्नैचर्स भीड़भाड़ वाले इलाके से बाइक चोरी कर उसी बाइक से छिनतई की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।एसएसपी राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा ने एक विशेष टीम गठित किया।गठित टीम ने दो अपराधी गिरफ्तार किया है।

मंगलवार को प्रेसवार्ता में सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि बाइक की चोरी कर छिनतई की वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर अपराधियों मतिउल्ला खान और अरशद हैदरी को गिरफ्तार किया गया है। हाल के दिनों में जग्गनाथपुर थाना क्षेत्र में मतिउल्ला खान ने एक महिला से सोने की चेन की छिनतई की थी। जांच में यह बात सामने आई की जिस बाइक का प्रयोग स्नैचिंग में किया गया था उसे राँची के अरगोड़ा इलाके से चोरी किया गया था।जांच के क्रम में और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मतिउल्ला की पहचान हुई थी, जिसके बाद उसे दबोचा गया।

मतिउल्ला ने गिरफ्तारी के बाद यह स्वीकार किया है कि वह चोरी की गई बाइक से ही शहर के विभिन्न इलाकों में चैन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।मतिउल्ला ने पुलिस के सामने यह स्वीकार किया की वह जो सोने की चेन छिनतई करता था उसे अरसद नाम का व्यक्ति पिघलाने का काम करता था। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पिघला हुआ सोना भी बरामद किया है।

गिरफ्तार अरशद हैदरी सोने की दुकान में कारीगर के रूप में काम करता था और चोरी के गहनों को पिघलाने का काम वही करता था।पुलिस के अनुसार, मतिउल्ला खान का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और वह अब तक 17 से अधिक आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है।

error: Content is protected !!