झारखण्ड में त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी: 10 हजार अतिरिक्त जवान तैनात,चप्पे-चप्पे पर निगरानी…

 

राँची। झारखण्ड में ईद,सरहुल व रामनवमी के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिलों में करीब दस हजार अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है। इनमें जैप व आईआरबी के 5000 जवान तथा 5400 गृह रक्षकों की अतिरिक्त तैनाती शामिल है। सभी जिलों के बल को भी विधि-व्यवस्था ड्यूटी में लगा दिया गया है। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।त्योहारों के दौरान किसी तरह की विधि व्यवस्था का संकट न हो, इसके लिए पुलिस की गश्त तेज है। गुप्तचरों को भी सक्रिय कर दिया गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की त्योहारों के मद्देनजर विधि व्यवस्था पर बैठक व दिशा-निर्देश के आलोक में पूरे राज्य में सुरक्षा की पुख्ता तैयारी है।

सभी धर्म-संप्रदाय के लोगों के साथ पुलिस-प्रशासन की विभिन्न स्तरों पर शांति समिति की बैठक में भी लोगों से अपील की जा चुकी है कि वे अफवाहों पर ध्यान न देते हुए त्योहारों को हर्ष व उल्लास के साथ मनाएं। अफवाह फैलाने वालों की सूचना पुलिस-प्रशासन को दें। पुलिस की एक विंग सोशल मीडिया की निगरानी भी कर रही है।प्रमुख स्थलों पर फायर ब्रिगेड की तैनाती कर दी गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस के वाटर कैनन व दंगा रोधी वाहनों को तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी भी विषम स्थिति से निपटा जा सके।

राज्य के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस ने अपनी गश्त तेज कर दी है। हजारीबाग, पूर्वी सिंहभूम, पलामू, लोहरदगा में विशेष तैनाती की गई है। डीजे पर आपत्तिजनक गाना बजाने पर रोक है। पूर्व में घटित घटनाओं के आधार पर संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

जुलूस मार्ग की ड्रोन से निगरानी की तैयारी है। धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष चौकसी है, ताकि कोई असामाजिक तत्व आपसी सौहार्द व भाईचारा बिगड़ने की कोशिश न कर पाए।

इधर राजधानी राँची में वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देशानुसार सरहुल और ईद को ध्यान में रखते हुए और विधि व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु,आज 20.03.26 को राँची के फिरायालाल चौक से सुजाता चौक तक फ्लैग मार्च किया गया।फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य पर्व के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखना,आमजन में विश्वास बहाली उत्पन्न करना और आकस्मिकता की स्थिति से निपटने की पूर्व तैयारी करना है। इस दौरान संवेदनशील क्षेत्रों, जुलूस के रूट में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति और सुरक्षा की स्थिति की सूक्ष्मतापूर्वक समीक्षा ड्रोन के मदद से की गई तथा प्रतिनियुक्त बलो को ब्रीफ किया गया l फ्लैग मार्च में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण,पुलिस अधीक्षक नगर,पुलिस अधीक्षक यातायात,अनुमंडल पदाधिकारी राँची,पुलिस उपाधीक्षक नगर ,पुलिस उपाधीक्षक कोतवाली ,स्थानीय थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे l इस तरह का फ्लैग मार्च राँची के विभिन्न थाना क्षेत्रो में भी निकाला गया है l आमजन से अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि एवं असामाजिक तत्वों की तुरंत सूचना पुलिस तक पहुंचायें l

दूसरी ओर एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर कोतवाली डीएसपी के नेतृत्व में आज दूसरे दिन भी कोतवाली,सुखदेवनगर, डेली मार्केट और हिंदपीड़ी क्षेत्र में ईद/सरहुल/ रामनवमी को लेकर निकालने वाला शोभा यात्रा और जुलूस रूट और संवेदनशील मार्गों ( हनुमान मंदिर, उर्दू लाइबरी, लेक रोड, बड़ा तालाब, अंजुमन प्लाजा, एकरा मस्जिद, संग्राम चौक, पुरानी राँची, अपर बाज़ार और महावीर चौक) का ड्रोन के माध्यम से निरीक्षण किया गया।

error: Content is protected !!