धनबाद में आरपीएफ ने दून एक्सप्रेस से 16 जीवित कछुए किया बरामद…

 

धनबाद।पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।आरपीएफ ने ऑपरेशन डब्ल्यूआईएलईपी (WILEP) के तहत ट्रेन संख्या 13010 योग नगरी ऋषिकेश-हावड़ा दून एक्सप्रेस के सामान्य (जनरल) कोच से 16 जीवित कछुए बरामद किए हैं।

आरपीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि इस ट्रेन के माध्यम से संरक्षित प्रजाति के कछुओं की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही आरपीएफ पोस्ट और सीआईबी की संयुक्त टीम ने धनबाद स्टेशन पर प्लेटफॉर्म संख्या दो पर ट्रेन के पहुंचते ही सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया।

जांच के दौरान इंजन की ओर से दूसरे जनरल कोच में सीट के नीचे नीले रंग का एक कपड़े का थैला लावारिस हालत में मिला। यात्रियों से पूछताछ करने पर किसी ने भी इस थैले पर अपना दावा नहीं किया, जिससे मामला संदिग्ध हो गया।

ट्रेन के रवाना होने से पहले थैले को प्लेटफॉर्म पर उतारकर स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में खोला गया।तलाशी में जूट के बोरे में कुल 16 जीवित इंडियन फ्लैपशेल (Indian Flapshell) प्रजाति के कछुए पाए गए।

इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए जब्ती सूची तैयार की गई और सभी कछुओं को आरपीएफ पोस्ट लाया गया।आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, ये कछुए वन्य जीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत शेड्यूल-I में आने वाली संरक्षित प्रजाति हैं, जिसके तहत इनकी तस्करी, व्यापार या रखना गैर-जमानती अपराध है।

सभी कछुओं को सुरक्षित तरीके से वन विभाग को सौंप दिया गया है।मामले में तस्करों की पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई है। इस सफल अभियान में आरपीएफ के चितरंजन सिंह, शशिकांत तिवारी, बबुलेश कुमार, प्रमोद कुमार, संजीव कुमार और अमित कुमार वर्मा की सक्रिय भूमिका रही।

error: Content is protected !!