Ranchi:अपराधी बिट्टू मिश्रा और प्रकाश यादव गिरफ्तार,नौजवानों को हथियार देकर अपराध करवाने का आरोप…थाना में तोड़फोड़ और पुलिस पर पथराव मामले में भी फरार था..
राँची। राजधानी राँची पुलिस ने शहर के कुख्यात अपराधी राजीव कुमार मिश्रा उर्फ बिट्टू मिश्रा और उसके सहयोगी प्रकाश यादव को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया है। कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय के नेतृत्व में की गई यह गिरफ्तारी 31 जनवरी की रात हथियार और ब्राउन शुगर के साथ पकड़े गए पांच अपराधियों से पूछताछ के बाद संभव हो पाई है।
डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि 31 जनवरी की देर रात हिमांशु यादव उर्फ लालू यादव सहित पांच लोगों को भारी मात्रा में ब्राउन शुगर और अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान लालू ने खुलासा किया कि उसे ये घातक हथियार उसके चाचा प्रकाश यादव ने बिट्टू मिश्रा से दिलवाया था। इसी कड़ी को जोड़ते हुए पुलिस ने जाल बिछाकर दोनों मुख्य साजिशकर्ताओं को दबोच लिया।
बिट्टू मिश्रा का आपराधिक इतिहास काफी पुराना रहा है। हाल ही में सरस्वती पूजा विसर्जन के दौरान शहर में हुई फायरिंग की घटना में भी उसका हाथ होने की बात सामने आई है। इतना ही नहीं, बिट्टू मिश्रा पंडरा थाना में हुए उपद्रव, तोड़फोड़ और पुलिस पर पथराव मामले में भी लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस अब इन अपराधियों के पूरे गिरोह और हथियार सप्लाई के अन्य स्रोतों की गंभीरता से जांच कर रही है।
डीएसपी से मिली जानकारी के अनुसार,बिट्टू और प्रकाश यादव ने अपने प्रतिद्वंद्वी से टक्कर लेने के लिए कई नौजवानों को अपने गैंग में शामिल किया है।बीते दिनों पंडरा गोलीकांड में गिरफ्तार कई अपराधी इसी गैंग से जुड़ा है।गिरोह का सरगना बनकर नौजवानों को हथियार देकर जहां तहां गोलीबारी करवाता है।ताकि लोगों में दशहत पैदा हो।वहीं विरोधियों के सामने भी दबदबा बना रहे हैं।

