Ranchi:ट्रेलर की चपेट में आने से स्कूटी सवार दो छात्रों की मौत…
राँची।जिले के पिठोरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पतरातू घाटी में ट्रेलर की चपेट में आने से स्कूटी सवार दो छात्रों की मौत हो गई। घटना गुरुवार को दिन के तीन बजे की है। दोनों छात्र ओरमांझी के माउंट कार्मेल स्कूल में कक्षा नौ में पढ़ते थे। इनमें एक छात्र ओरमांझी के कुच्चू गांव निवासी अभिजय रंजन शिक्षा विभाग में कार्यरत कृष्ण कुमार शर्मा का पुत्र था और दूसरा छात्र आदित्य कुमार बूटी गांव का निवासी था। दोनों की उम्र लगभग 16 वर्ष थी।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को माउंट कार्मेल स्कूल में परीक्षा समाप्त होने पर दोनों छात्र घर चले गए थे। दोपहर दो बजे दोनों घर से यह कहकर निकले कि वे ट्यूशन पढ़ने जा रहे हैं।इस दौरान बूटी निवासी छात्र आदित्य अपने घर से स्कूटी लेकर कुच्चू आया और कुच्चू में अपने दोस्त अभिजय को लेकर पिठोरिया के रास्ते पतरातू घाटी घूमने जा रहा था।
बताया जाता है कि दोनों छात्र पिठोरिया थाना से मात्र कुछ दूरी बुचाव घाटी के पास पहुंचे थे कि पतरातू की ओर से राँची की ओर आ रहे ट्रेलर ने स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर में स्कूटी फंस गई। सूचना मिलने पर पिठोरिया थाने की पुलिस ने दोनों छात्रों को रिम्स भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर दोनों के परिजनों के घर मातम छा गया।
कुच्चू निवासी अभिजय के पिता ने बताया कि वह ट्यूशन पढ़ने जाने की बात कहकर घर से निकला था। शाम में सूचना मिली कि बेटा सड़क दुर्घटना में घायल है और वह रिम्स में है। वहां पहुंचने पर पता चला कि दोनों छात्रों की मौत हो गई है। दोनों छात्रों की माँ का रो-रोकर बुरा हाल है।

