Ranchi:सड़क,रेलवे लाइन,पुल व पानी टंकी निर्माण की आठ योजनाओं पर उग्रवादियों की नजर, अधिकांश का काम 50 फीसदी भी नहीं हुआ पूरा,एक योजना का काम बंद…

–स्पेशल ब्रांच ने कराया है सिक्यूरिटी अॉडिट, डीसी व एसएसपी को भेजी है रिपोर्ट, काम पूरा करने के लिए पुलिस को छह जगहों पर लगाना पड़ा है कैंप

राँची।राँची जिले में चल रही सड़क, रेलवे लाइन पुल व पानी टंकी निर्माण की आठ योजनाओं पर उग्रवादियों की नजर है। इन योजनाओं का काम जो कंपनियां करा रही है उनके लेवी की मांग की गई है। जिसकी वजह से इन योजनाओं का कार्य विलंब से चल रहा है, कुछ योजनाओं का काम बंद भी हो गया है। जिले में सुरक्षा की दृष्टिकोण से चल रही इन योजनाओं का सिक्यूरिटी ऑडिट कराया गया है। सिक्यूरिटी ऑडिट की रिपोर्ट स्पेशल ब्रांच के एसपी ने राँची जिले के उपायुक्त और एसएसपी को देकर पूरी जानकारी उपलब्ध कराई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि इन योजनाओं के ऑडिट में पाया गया है कि उग्रवादी संगठनों व अपराधियों द्वारा इन योजनाओं के संवेदकों, मैनेजर से लेवी की मांग की गई है। लेवी मांगने व धमकी दिए जाने की वजह से वर्तमान में इनमें से कई ऐसी योजनाएं है जिनका कार्य महज 24 से 30 प्रतिशत तक ही हुआ है। हालांकि कार्य को पूरा कराने के लिए 8 में से छह योजनाओं के लिए पुलिस की ओर से कैंप लगाया गया है। ताकि योजनाओं का काम रुके नहीं।

बुढ़मू, मैक्लुस्कीगंज, लापुंग, सिकिदरी और लापुंग में मांगी जा रही है लेवी

राँची जिले में बुढ़मू, मैक्लुस्कीगंज, लापुंग, सिकिदरी और लापुंग जिले में चल रही योजनाओं में उग्रवादियों व अपराधी लेवी मांग रहे है। बुढ़मू में कंडेर मोड़ से आरिद होते हुए उच्च विद्यालय उमेडंडा तक सड़क निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। सड़क निर्माण कर रहे संवेदक से टीएसपीसी के सब जोनल कमांडर अरविंद जी के नाम नाम पर लेवी मांगी गई है। जिसकी वजह से इस योजना का महज 25 प्रतिशत ही काम हो सकता है। हालांकि लेवी की मांग किए जाने के बाद काम चालू है। बुढ़मू में ही कोयजम पुल का निर्माण कराया जा रहा है। इस पुल के भी निर्माण करने वाले संवेदक से टीएसपीसी से अलग हुए बीकेएस तिवारी ग्रुप के रमेश महतो उर्फ पहाड़ी जी ने लेवी की मांग की है। जिसकी वजह से इस योजना का भी महज 24 प्रतिशत काम ही पूरा हो पाया है।

मैक्लुस्कीगंज में सड़क पुलिया का काम बंद

मैक्लुस्कीगंज में ही हरहू बसरिया में सड़क व पुलिया का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके संवेदक से भी पीएलएफआई की ओर से लेवी मांगी गई थी। पीएलएफआई ने इस योजना की काम करा रही कंपनी के मुंंशी उपेंद्र यादव की गोली मार कर हत्या कर दी थी। अबतक इस योजना का मात्र 60 फीसदी ही काम पूरा हुआ है। वर्तमान में इस योजना का कार्य बंद है। मैक्लुस्कीगंज में चट्टी नदी पर रेलवे लाइन के लिए पुल निर्माण कार्य चल रहा है। जिसे केईसी इंटरप्राइजेज नाम की कंपनी करा रही है। उक्त कंपनी के संवेदक से भी भाकपा माओवादी के रविंद्र गंझू दस्ता द्वारा लेवी मांगी गई है। हालांकि लेवी मांगे जाने के बाद भी इस योजना का काम वर्तमान में 92 प्रतिशत पूरा हो गया है। कार्य जारी है। मैक्लुस्कीगंज में ही लपरा चट्टी नदी मुख्य पथ में सड़क पुलिया का निर्माण कराया जा रहा है। इस योजना के संवेदक से भी भाकपा माओवादी के रविंद्र गंझू के नाम पर लेवी की मांग की गई है। नतीजा यह है कि इस योजना का काम भी महज 30 प्रतिशत ही हो सका है। हालांकि वर्तमान में योजना का कार्य चालू है।

लापुंग में पांच जगह बन रही पानी टंकी के लिए लगाना पड़ा कैंप

लापुंग के पांच जगहों चाल्हा, रामाटोली, दोलेचा, मारी और फतेहपुर में पानी टंकी का निर्माण कार्य चल रहा है। जिसे एजोरेस इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी निर्माण कार्य करा रही है। इसके भी संवेदक से पीएलएफआई के एरिया कमांडर अमृत होरो ने लेवी की मांग की है। पानी टंकी का निर्माण कार्य 93 प्रतिशत तक हो चुका है। लेवी मांगे जाने के मामले में लापुंग थाना में दो प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है।

गोला ओरमांझी में भारत माला का प्रोजेक्ट का भी काम 49 प्रतिशत ही

सिकिदरी में भारत माला के तहत गोला से ओरमांझी की ओर फोर लेन पथ का निर्माण कार्य चल रहा है। जिसका निर्माण कार्य प्रह्लाद राय अग्रवाल इंडिया लिमिटेड कंस्ट्रक्शन कंपनी करा रही है। इस कंपनी के संवेदक से अमन साहू गिरोह के सदस्यों द्वारा लेवी की मांग की गई थी। जिसके बाद सिकिदरी थाना में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी। वर्तमान में चल रहे काम के लिए सिकिदरी थाना द्वारा पेट्रोलिंग कराया जा रहा है। इस योजना का भी कार्य महज 49 फीसदी ही हुआ है। कार्य चालू है।

नामकुम से अनगड़ा तक सड़क चौड़ीकरण, पीएलएफआई ने मांगी रंगदारी

नामकुम से अनगड़ा डाकबंगला तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। जिसका निर्माण कार्य श्री राम कंस्ट्रक्शन करा रही है। इस कंपनी के संवेदक से भी पीएलएफआई के नाम पर रंगदारी मांगी गई। इस कार्य को पूरा करने के लिए अनगड़ा डाकबंगला व रूक्का हुटुप के पास पुलिस की ओर से सुरक्षा उपलब्ध कराया गया है। वर्तमान में इस योजना का 80 प्रतिशत काम पूरा हो गया है।

error: Content is protected !!