राँची पुलिस ने बाइक चोर गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की, 15 बाइक चोर गिरफ्तार, 22 दोपहिया वाहन बरामद
राँची।राँची पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले बड़े गिरोह का खुलासा किया है।बाइक चोर गिरोह के 15 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही 22 चोरी की मोटरसाइकिल को बरामद किया है।राँची पुलिस के लिए चुनौती बने बाइक चोरों के खिलाफ बड़ी कारवाई की गई है।एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर ग्रामीण एमपी प्रवीण पुष्कर के नेतृव में कार्रवाई करते हुए नामकुम थाना पुलिस ने एक साथ 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी की 22 बाइक/स्कूटी बरामद की गई है। गिरफ्तार वाहन चोरों के द्वारा चोरी से पहले कस्टमर सेट कर लिया जाता था, उसके बाद वारदात को अंजाम दिया जाता था।वहीं चोरी की बाइक का अगर खरीदार नहीं मिलता था तो ये गिरोह बाइक को सुरक्षित रखने के लिए भी नया तरीका खोजकर तैयार रखते थे।चोरी के बाद गिरोह जमकर पार्टी करता था और होटल में पैसे के बदले महंगी बाइक गिरवी रखवाकर चले जाते थे।कुछ दिन बाद गिरोह होटल पहुंचता और होटल मालिक को यह कहकर धमकाते थे कि उन्होंने चोरी की बाइक को अपने होटल में छुपाई है और इस बात की जानकारी वह पुलिस को दे देंगे।गिरोह की धमकी से होटल कारोबारी डर जाते थे और उन्हें बाइक वापस कर देते थे।
ग्रामीण एसपी ने बताया कि सोमवार शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि नामकुम थाना क्षेत्र के राँची-टाटा मुख्य मार्ग पर एक होटल के पास, मोटरसाइकिल चोर गिरोह, बाइक की खरीद फरोख्त के लिए खड़े हैं।सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए एक टीम का गठन किया गया और एक वृहत छापेमारी दल का गठन किया गया।पुलिस के गठित दल को जैसे ही गिरोह ने अपने पास आते देखा वैसे ही गिरोह के सभी सदस्य भागने लगे लेकिन पुलिस बल ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया।
पुलिस ने जब पकड़े गए आरोपियों से बाइक के कागजात मांगे तो वे सभी पुलिस को डॉक्यूमेंट नहीं दिखा पाए। पूछताछ के दौरान सभी मोटरसाइकिल चोरी के होने, जिसे बेचने के लिए एकत्रित होने की बात स्वीकार की गई। इसके साथ ही यह भी बताया गया कि सभी मोटरसाइकिल राँची के विभिन्न थाना क्षेत्रों से अपने गिरोह के सहयोगी के साथ मिलकर चोरी करते थे और चोरी की बाइक का नंबर प्लेट बदलकर सिल्ली, मुरी और राँची के दूसरे क्षेत्रों में सस्ते दाम पर सिंडिकेट के माध्यम से बेच दिया करते थे।
पूछताछ में यह भी पता चला है कि ये सभी एक दूसरे से जुड़े हुए हैं। जिसमें 15-20 अन्य सदस्य शामिल हैं।गिरोह के सदस्य अलग-अलग टीम बनाकर बाजार, हाट, दुकान, भीडभाड़ वाले इलाके में रेकी करते हुए चोरी करने की घटना को अंजाम देते थे तथा दूसरे साथी सदस्य के साथ मिलकर चोरी की मोटरसाइकिल को खपाने के लिए सस्ते दामों में खरीदार खोजकर बेच देते थे।
गिरोह में अन्य सदस्य चोरी की मोटरसाइकिल को कुछ दिनों के लिए छुपा देते थे और खरीदने वाले लोगों को बेच देते थे। चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के बाद जो भी रकम मिलती थी, उसे सब आपस में बांट लेते थे।गिरोह में शामिल सभी सदस्यों के द्वारा राँची जिला के विभिन्न थाना क्षेत्रों में करीब 40 से 50 मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी कर बेचने की बात स्वीकार की है।
गिरोह के द्वारा मुख्य रूप से महंगी बाइक की ही चोरी की जाती थी। जानकारी के मुताबिक गिरोह के कुछ सदस्य, पूर्व में जेल भी जा चुके हैं। मोटरसाइकिल चोरी की घटनाक्रम में अपनी संलिप्तता स्वीकार किये जाने के बाद 22 मोटरसाइकिल के साथ 15 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद बाइकों की अनुमानित कीमत लगभग 30-35 लाख रुपये है।
पकड़े गए आरोपियों के नाम इस प्रकार है:-
1 रूपेश कुमार सिंह उर्फ सोनू सिंह उर्फ चिराग राँची
2 प्रेम कुमार सईस राँची
3 विनोद कुमार महतो राँची
4 रोनित कुमार राँची
5 आयुष महतो राँची
6 करण कुमार महतो राँची
7 बादल सिंह मुंडा राँची
8 कमलेश कुमार महतो राँची
9 क्लीन्टन कच्छप उर्फ चुस्की राँची
10 रोहित सईस राँची
11 जयदेव महतो बोकारो
12 करण गोस्वामी बोकारो
13 विनोद महतो राँची
14 मनोज उरांव लोहरदगा
15 सत्यम महतो राँची
पुलिस इस गिरोह के दूसरे सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
छापेमारी में बरामद मोटरसाइकिल से संबंधित दर्ज कांड की भी छानबीन के क्रम में चिन्हित किया गया है। बरामद कुल-22 मोटरसाइकिल से अबतक रॉची जिला अंतर्गत नामकुम थाना के 06 कांड, सुखदेवनगर (पंडरा) थाना के 04 कांड, चुटिया थाना के 03 कांड, टाटीसिलवे थाना के 02 कांड, रातू थाना के 01 कांड, बरियातू थाना के 01 कांड, अनगड़ा थाना के 01 कांड एवं नामकुम (खरसीदाग) थाना का 01 कांड सहित कुल 19 कांडों का उद्भेदन हुआ है।

